नशे के विरुद्ध जन जागरूकता लाने का भटोली कॉलेज ने लिया प्रण

जसवाल, ऊना (19 नवंबर)- नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के दौरान आज एसवीएसडी महाविद्यालय, भटोली में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नशा से दूर रहने के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नशा एक धीमा जहर है जो जीवन को पूरी तरह से बर्बाद कर देता है। नशे की कोई सीमा नहीं होती, इसलिए इससे समाज के हर वर्ग को सावधान रहने की आवश्यकता है। नशे के दलदल में फंसने वाले इंसान के लिए स्वयं के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों से आए विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। शिक्षा विभाग की ओर से महाविद्यालय की प्रधानाचार्या नरेश बाला ने ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और नशे जैसे अभियान को इस शिक्षण संस्थान के चुनाव के लिए प्रशासन धन्यवाद किया। इस मौके पर महाविद्यालय के छात्र भानू कौशल ने ‘नशा न करना मान लो कहना प्यारे भाई और बहना होगी बड़ी खराबी’ गीत गाकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया। आयुर्वेद विभाग के एसएमओ डॉ. अरविंद शर्मा ने नशे से मनुष्य के शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान की। संतोषगढ़ थाने के एएसआई प्रदीप सिंह ने नशे के कानूनी पहलुओं तथा योग विशेषज्ञ डॉ. राहुल भाद्ववाज ने बच्चों से आहवान किया कि प्रतिदिन योगा करना चाहिए और ऐसा करने से नशे की लत से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आहवान किया।
































