7 फरवरी को होगा फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशनः संदीप कुमार
जसवाल, ऊना, 28 दिसंबर:- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को निरंतर त्रुटि रहित बनाए रखने के उद्देश्य से 01 जनवरी 2020 की तिथि को मानते हुए फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का गहन प्रकृति का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2020 करवाने का निर्णय लिया गया है। इस बारे जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त, ऊना संदीप कुमार ने जानकारी देते बताया कि 16 दिसंबर 2019 से 15 जनवरी, 2020 तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एसडीएम)तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (तहसीलदार व नायब तहसीलदार) के कार्यालयों और प्रत्येक मतदान केंद्र पर संबंधित भाग की फोटोयुक्त मतदाता सूचियां जन-साधारण के लिए नि:शुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान ऐसे सभी पात्र नागरिक जिनकी आयु एक जनवरी, 2020 को ये इससे पूर्व 18 वर्ष पूर्ण होगी, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची की किसी प्रविष्टि का शुद्धिकरण, सूची में अपात्र/मृत व्यक्यिों के नाम हटाने या निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र पर नाम स्थानांतरित करवाने हेतु समुचित प्रारूप (फॉर्म 6,7,8 व 8क) भरकर दावे व आक्षेप संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी प्राप्त दावों व आक्षेपों का संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निपटारा करने के उपरांत 7 फरवरी 2020 को फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए विभाग के कॉल सेंटर के निशुल्क टेलीफोन सेवा नं 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विभागीय वेबसाइट पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में अपने नाम दर्ज होने की पुष्टि की जा सकती है। इसके अलावा विभागीय वेबसाइट व राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (एनवीएसपी) पर भी ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।
































