हिमोत्कर्ष कन्या महाविद्यालय के 13वां वार्षिक समारोह में शामिल हुए वीरेंद्र कंवर व सतपाल सत्ती
जसवाल,ऊना (1 जनवरी)- मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में गुणात्मक शिक्षा प्रदान कर रही है और सरकारी शिक्षण संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं जुटाई जा रही हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अच्छी व गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाई जा सके। यह बात आज ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज हिमोत्कर्ष कन्या महाविद्यालय के 13वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के अवसर पर कही। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता नए शिक्षण संस्थान खोलने की बजाय मौजूदा संस्थानों को सुदृढृ करने की है। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का दौर है, इसीलिए ग्रामीण परिवेश से आने वाले मेधावी छात्रों को कोचिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए ऊना सुपर-50 कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। इस कार्यक्रम के लिए परीक्षा के माध्यम से मेधावी छात्रों का चयन किया गया है और उन्हें निशुल्क जेईई की प्रतियोगी परीक्षा के लिए कोचिंग प्रदान की जा रही है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अंब व थाना कलां में ऊना सुपर-50 के सब सेंटर खोले गए हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों में 9वीं व 10वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को फ्री में किताबें उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य लोक सेवा आयोग और राज्य कर्मचारी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं के लिए महिलाओं की फीस माफ करने का फैसला किया है। अब महिलाओं से इन परीक्षाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।
नए वर्ष में सरकारीकरण की उम्मीद
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हिमोत्कर्ष कन्या महाविद्यालय के सरकारीकरण की मांग लंबे समय से उठ रही है और इस बारे में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के साथ बात भी हुई है। नए वर्ष में जिला ऊना की इस मांग के पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने हिमोत्कर्ष संस्था द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की खूब प्रशंसा की है।
नए वर्ष में राष्ट्रविरोधी ताकतों को हराएंगेः सत्ती
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि केंद्र में मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार काम कर रही है और इसी दृढ़ संकल्प के कारण ट्रिपल तलाक तथा अनुच्छेद 370 को समाप्त किया गया तथा नागरिक संशोधन कानून लाया गया है। उन्होंने सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2020 में हम मिलकर राष्ट्रविरोधी ताकतों को परास्त करेंगे। सत्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की समस्याओं को निपटारा करने में जुटी है ताकि एक बार फिर भारत वर्ष दुनिया के मानचित्र पर विश्व गुरू के रूप में उभरे। उन्होंने कहा कि सभी को नए साल में भारत के नव निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। सत्ती ने भी हिमोत्कर्ष कॉलेज के सरकारीकरण में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया
वार्षिक उत्सव के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया और ग्रामीण विकास मंत्री ने अपनी ऐच्छित निधि से 21 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, कुटलैहड़ भाजपा अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, हिमोत्कर्ष संस्था के आजीवन अध्यक्ष कंवर हरि सिंह, एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल, गौ सेवा आयोग के सदस्य कृष्णपाल शर्मा, जितेंद्र कंवर, दीपशिखा कौशल तथा पूर्ण शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

































