नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान हरियाणा के स्कूल, कॉलेजों व संस्थानों में चलाया जाएगा
करनाल, आशुतोष गौतम ,( 2 जनवरी ) नवचेतना मंच के संयोजक एसपी चौहान के जीवन पर बनी एसपी चौहान द स्ट्रगलिंग मैन वर्ष 2019 में 8 फरवरी को रिलीज हुई। यह फिल्म नशे के खिलाफ उनके सामाजिक जागरूकता अभियान के साथ साथ उनके जीवन के संघर्ष की गहराई को दर्शाती है। यह फिल्म उनके जीवन पर लिखी गई बॉयोग्राफी संघर्ष को सलाम पर आधारित है जिसे वरिष्ठ पत्रकार संदीप साहिल ने लिखा है। संघर्ष को सलाम बॉयोग्राफी को बतौर मुख्यअतिथि मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने करनाल में नंवबर 2016 को लांच किया था। संघर्ष को सलाम बॉयोग्राफी में लेखक संदीप साहिल ने एसपी चौहान के हर उतार चढ़ाव को कलमबद्ध कर उनके सामाजिक सरोकारों को जनता के समक्ष रखने का प्रयास किया है। लोगों को शायद हैरानी हो लेकिन वर्ष 2019 के बीते दस माह में देश विदेश में इस फिल्म को यू टयूब, एमोजोन, टाटा स्काई व अन्य सोशल मीडिया के माध्यमों से 27 करोड़ लोगों ने देखा है जो कि अपने आप में करनाल व हरियाणा के लिए गौरव की बात है। अब नवचेतना मंच के संयोजक एसपी चौहान अपनी पूरी टीम के साथ वर्ष 2020 को नशे के खिलाफ मिशन 2020 के रूप में मनाने जा रहे हैं, उनका कहना है कि पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में नशे ने पांव पसार लिए हैं, जिसका समय पर समाधान होना बहुत जरूरी है, क्योंकि यदि हमारा युवा ही नशे की दलदल में फंस गया तो फिर वह समाज, जिला, प्रदेश व देश के बारे में क्या सोच पाएगा? उन्हें उम्मीद है कि इस पावन मिशन में हरियाणा सरकार भी अपना पूर्ण योगदान देगी। नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान हरियाणा के स्कूल, कॉलेजों व संस्थानों में चलाया जाएगा। एसपी चौहान ने बताया कि नशा हमें कितना तबाह कर सकता है इस विषय को गंभीरता से बच्चों व युवाओं को समझाने के लिए नवचेतना मंच ने इसे मिशन 2020 के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

































