सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत वाहन चालकों की जांची आंखें
जसवाल, ऊना (14 जनवरी)- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत आज ऊना न्यू बस स्टैंड तथा ट्रक यूनियन गगरेट में वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई। इस बारे में जानकारी देते हुए आरटीओ ऊना एम एल धीमान ने बताया कि नेत्र जांच के लिए कैंप लगाए गए थे साथ ही ट्रक यूनियन ऊना तथा गगरेट बैरियर पर भी यातायात नियमों की जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि इस दौरान वाहन चालकों से अपील की गई कि सड़क पर सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना अति आवश्यक है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। शराब पीकर गाड़ी कभी न चलाएं, रेड लाइट जम्पिंग न करें, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा दोपहिया वाहन चलाते हुए हेल्मेट का प्रयोग अवश्य करें। सड़क पार करते समय अपने वाहन को किनारे रोककर बच्चों, नेत्रहीनों एवं दिव्यांगों को रास्ता दें। किसी भी वाहन पर ओवरलोडिग न करें चाहे वह यात्री वाहन हो अथवा माल वाहन और रात में डिपर का प्रयोग करें।































