क्षेत्रीय अस्पताल का दर्जा 200 से बढ़ाकर 300 बैड करने की मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप प्रस्ताव तैयार – सतपाल सत्ती
जसवाल, ऊना ( 8 फरवरी ) प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व सदर के पूर्व विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने क्षेत्रीय अस्पताल में सीएमओ व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में अस्पताल का दर्जा 200 बैड से बढ़ाकर 300 बैड करने की मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप एक प्रस्ताव तैयार किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने भी इसकी जानकारी सीएमओ से मांगी है। मुख्यमंत्री ने ऊना दौरे के दौरान अस्पताल में 300 बैड करने व पैरामेडिकल स्टॉफ के साथ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने का भी ऐलान किया था। अब इस घोषणा को मुर्तरूप दिलाने के लिए सतपाल सिंह सत्ती ने अपने स्तर पर कदमताल शुरू की है।
अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान सतपाल सिंह सत्ती ने निर्देश दिए कि क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों के लिए कमरों की संख्या बढ़ सके, इसके लिए अस्पताल परिसर में खुली दुकानों को बाहर स्थान दिया जाए। सत्ती ने कहा कि इस कार्य को जल्द पूरा कर दुकानें बाहर की जाएंगी, ताकि चिकित्सकों को कमरे उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाऊंड की मशीन पुरानी है, इससे महिलाओं को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। जल्द ही अस्पताल में 30 लाख रुपये की लागत से अल्ट्रासाऊंड मशीन को स्थापित किया जाएगा, ताकि रोगियों को बेहतर सुविधा जांच की मिल सके। उन्होंने कहा कि सात माह तक अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद खाली रहा। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार के सहयोग से इस पद को भरा गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक ने सी-आर्म मशीन की डिमांड दी है। जो करीब 25 लाख लागत से आएगी। इसको लाने के लिए भी बजट का प्रावधान किया जाएगा, ताकि हड्डी रोगियों को इलाज में बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में पार्किंग व्यवस्थित हो, इसके लिए भी प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सक सरप्लस है और अन्य स्टॉफ करीब-करीब पूरा है, लेकिन यह स्ट्रंथ रोगियों की आमद के लिहाज से बहुत कम है। ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अस्पताल का दर्जा बढ़ाकर जहां सुविधाएं बढ़ाने की घोषणा की है और मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार खाका तैयार कर लिया गया है, जिसे स्वास्थ्य विभाग को भेजा जा रहा है। निशिचित रूप से जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री इस मामले को औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद कैबिनेट में मंजूरी के लिए लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरी इस संदर्भ में स्वास्थ्य मंत्री के साथ बात भी हुई है। उन्होंने कहा कि हम वचनबद्ध है कि क्षेत्रीय अस्पताल में सुविधाओं का इजाफा हो, ताकि रोगियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न आए। इस अवसर पर सीएमओ डा. रमण कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने प्रपोजल मांगा है, जिसे तैयार कर भेजा जा रहा है। ताकि इस पर उचित कार्रवाई कर सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल व बैड बढ़ाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि चाइल्ड केयर सेंटर का निर्माण कार्य भी शुरू है। इसे भी लाभ मिलेगा। इस बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी डा. निखिल भी उपस्थित रहे।

































