कृषि व मार्किट कमेटी के अधिकारियों व कर्मचारियों को पंजीकरण करने के दिए निर्देश, किसानों से फसल रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील
करनाल, आशुतोष गौतम( 17 फरवरी ) अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव ने कहा कि किसानों की आगामी वही फसल मंडी में खरीदी जाएगी जिसका रजिस्ट्रेशन मेरी फसल-मेरा ब्यौरा के तहत होगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वह अपनी फसल का रजिस्ट्रेशन कृषि व मार्किट कमेटी के अधिकारियों से जरूर करवाएं। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह किसानों के पास जाकर मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल की जानकारी उनके फायदों के बारे में भी बताएं। अतिरिक्त उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल से संबधित कृषि व मार्किट के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला में कुल 4 लाख 50 हजार एकड़ क्षेत्र कास्त योग्य भूमि है। इनमें से करीब 1 लाख 75 हजार एकड़ क्षेत्र पर गेहूं की फसल का उत्पादन हुआ है और करीब 5 हजार एकड़ क्षेत्र पर सरसों की खेती की गई है। इस पोर्टल पर गेहूं व सरसों की फसल को पंजीकरण किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय रहते किसानों की फसल का पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें ताकि इन फसलों को मंडियों में बेचने में दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि जो भी पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया है उसमें आना-कानी न करें, सप्ताह में हुए पंजीकरण का ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन करें, किसानों को उनकी फसल का रजिस्टे्रशन करने के लिए जागरूक करें और उसके फायदे के बारे में भी बताएं। इस मौके पर डीएमईओ ईश्वर मान सहित कृषि व मार्किट कमेटी के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

































