प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करें अधिकारीः डीसी
ऊना (17 मार्च)- प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम को अधिकारी प्रभावी ढंग से लागू करें। यह बात उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने आज जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यकों को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। अधिसूचित अल्पसंख्यक वर्ग में मुस्लिम, इसाई, सिख, बौद्ध और पारसी को शामिल किया गया है। बैठक में जानकारी दी गई कि जिला ऊना में 10 उर्दू तथा 10 पंजाबी भाषा अध्यापकों की भर्ती के लिए प्रदेश सरकार को लिखा गया है। डीसी ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी छात्रों को मैट्रिकोतर छात्रवृतियां प्रदान की जाती हैं। इसके अलावा मदरसों के आधुनिकीकरण के लिए भी सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही स्वरोजगार के लिए सरकार सहायता देती है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस सतनाम सिंह, जिला कल्याण अधिकारी सुरेश शर्मा, प्रधानाचार्य डाइट देवेंद्र चौहान, पीओ डीआरडीए संजीव ठाकुर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र अंशुल धीमान सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

































