ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कोरोना योद्धाओं का बढ़ाया हौसला
जसवाल,ऊना (24 अप्रैल)- ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़ाया है। आज उन्होंने बंगाणा में पुलिस विभाग के कर्मचारियों और सोशल डिस्टेंसिंग नियम की अनुपालना में सहयोग कर रहे एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि कोरोना योद्धाओं की मेहनत तभी सफल हो सकती है, जब लोग अपने दायित्व को समझ कर घरों पर रहें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अपने आप व अपने परिवार को खतरे में डालकर कोरोना योद्धा वैश्विक महामारी से निपटने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सभी को प्रदेश सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही गाइइलाइन्स का पालन करना चाहिए। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लोगों की कठिनाईयों से अच्छी तरह से परिचित है, इसलिए उसे कम करने का प्रयास किया जा रहा है। गरीबों को अगले तीन महीने तक 5 किलो गेहूं या चावल और दाल निशुल्क प्रदान किया जा रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 2 हजार रुपए की किस्त किसानों के खाते में ट्रांसफर की जा रही है। इसके अलावा उज्ज्वला योजना की लाभार्थी 8 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को अगले तीन महीने तक मुफ्त रसोई गैस भी दी जा रही है। साथ ही 20 करोड़ महिला जन धन खाता धारकों को अगले तीन महीने तक 500-500 रुपए प्रदान किए जा रहे हैं। मनरेगा के तहत मिलने वाली दैनिक मजदूरी को 182 के स्थान पर 202 रुपए किया गया है।
10.76 लाख दान वीरेंद्र कंवर के माध्यम से दिया- ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि चंबा के चुवाड़ी विकास खंड से भी 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद पहुंची है। इसके अलावा महिला मंडल हथलौन ने 11 हजार रुपए, श्री राम नाटक क्लब हटली ने 11 हजार, हटली सहकारी सभा ने 11 हजार, धर्मचंद ग्राम पंचायत प्रधान सिंहाणा ने 15,100, रायपुर मैदान निवासी विजय पराशर ने 11 हजार, महिला मंडल मतोह ने 15,100 तथा विपन शर्मा प्रधान पिपलू ने 2100 रुपए की आर्थिक मदद मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए प्रदान की है। उन्होंने सभी का आर्थिक सहयोग के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा, कर्नल संकेत देयो, एनसीसी अधिकारी संजीव पराशर, भाजपा नेता विजय शर्मा, हिमफैड डायरेक्टर चरणजीत शर्मा तथा भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के सचिव मदन राणा उपस्थित रहे।





























