जसवाल , ऊना 16 सितंबर भाजपा के ऊना मंडलाध्यक्ष रमेश भड़ोलियां ने ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा के उस बयान पर तीख पलटवार किया है, जिसमें विधायक ने उद्योग मंत्री की कार्रवाई को आंखों में धूल झोंकना बताया है। उन्होंने कहा कि विधायक जनता काे जनता को यह बताएं कि यदि माफिया पर की गई कार्रवाई आंखों में धूल झोंकना है तो पेखूबेला में शराब माफिया को बचाने के लिए विधायक के स्टाफ से पुलिस पर हमला करना क्या है। उन्होंने कहा इस सवाल पर विधायक को ठीक वैसे ही सांप सूंघ जाएगा, जैसे उन्हें नंगड़ा के खनन माफिया, संतोषगढ़ के भुक्की माफिया, अरनियाला के नशा माफिया पर पूछे सवालों के बाद सूंघ गया था। उन्होंने कहा कि अब विधायक खुद को दूध का धुला साबित करने के लिए जो मर्जी कर लें, लेकिन पेखूबेला के शराब तस्करी और पुलिस टीम पर हमले के कांड ने विधायक का असली चेहरा जनता के सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस से भागने वालों को माफिया के खिलाफ ऊंची-ऊंची बातें शोभा नहीं देती। भड़ोलियां ने कहा कि ऊना सदर के कांग्रेस विधायक को मात्र एक ही काम रह गया है, सरकारी दफ्तरों में घुस कर गुंडागर्दी करके या जगह-जगह कलह कलेश करके किसी भी तरह से जनता के बीच अपनी हाजरी लगवाना। उन्होंने कहा कि विधायक को अब बचपना छोड़ कर ऊना के विकास में कुछ योगदान देना चाहिए, जनता की सेवा के लिए जनप्रतिनिधि बने लोगों को जनता पर बोझ नहीं बनना चाहिए, पिछले पौने दो साल में नकारा साबित हुए विधायक को कुर्सी छोड़ कर साइड हो जाना चाहिए। दूसरों की कार्रवाई को आंखों में झोंकी धूल बताने वाले व्यक्ति ने तो खुद को विधायक चुनने वाली जनता सारे सपने नशा, शराब और खनन माफिया के हाथांे बेच डाले हुए हैं।































