जिला में कोरोना एक्टिव केसों की कुल संख्या हुई 51, इनमें 38 व्यक्तियों की हुई रिकवरी
करनाल, आशुतोष गौतम ( 6 जून ) डीसी निशांत कुमार यादव ने शनिवार को जिला के लोगों के साथ कोरोना से जुड़ी जानकारी सांझा करते हुए बताया कि 6 जून को जिला में कोरोना के 10 पॉजीटिव केस आ जाने से कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 91 हो गई। उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व यानि 5 जून को 11 व्यक्ति ठीक होकर अपने घर को लौटे थे। इस प्रकार इस अवधि तक कोरोना के कुल एक्टिव केस 51 है, इनमें से 38 ठीक हो गए हैं और 2 की मृत्यु हो गई है। कोरोना केसों को लेकर डीसी ने कहा कि देखने में आया है कि जिला में अधिकतर कोरोना संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री है। छ: जून को ही ले लें, इनमें 8 दिल्ली से आए, एक मुम्बई से तथा एक की ट्रैवल हिस्ट्री उत्तर प्रदेश से जुड़ी है। अर्थात इनमें करनाल से बाहर दिल्ली इत्यादि दूसरे राज्यों में जाने-आने या बाहर से यहां आने वाले ही शामिल हैं। इन हालातों पर चिंता जताते हुए डीसी ने जिला के लोगों से आग्रह किया है कि जो व्यक्ति बाहर से आते हैं और उनमें बेशक कोरोना के लक्षण नही दिखाई देते, ऐसे सभी व्यक्ति कम से कम 14 दिन होम क्वारंटाईन रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई बार संक्रमित व्यक्ति में कोरोना के लक्षण नही आते, लेकिन ऐसा हो सकता है कि उसके संक्रमण की वजह, बुजुर्ग या कोई बीमार व्यक्ति के लिए घातक हो सकती है। यदि लक्षण महसूस हों या दिखाई दें, तो ऐसे व्यक्ति को तुरंत कल्पना चावला राजकीय मैडिकल में अपना टैस्ट करवा लेना चाहिए। ऐसी सूचना व्यक्ति स्वयं नहीं, तो उसके पड़ौसी या फैमिली मैम्बर टोल फ्री नम्बर-1950 पर दे सकते हैं, यह नम्बर 24 घण्टे उपलब्ध रहता है।
शनिवार को ही डीसी ने दुकानो को लेकर नागरिको को एक ओर जरूरी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रविवार यानि 7 जून के दिन केवल जरूरी वस्तुओं की दुकाने, जिनमें कैमिस्ट शॉप, डेयरी व होम डिलीवरी के साथ रेस्टोरेंट ही खुले रहेंगे, बाकि सभी दुकाने जो गैर जरूरी सेवाओं में आती हैं, बंद रहेंगी। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में केन्द्र सरकार की ओर से अनलॉक भाग-1 की अवधि चल रही है। इसमें 8 जून से मंदिर, मॉल, होटल व रेस्टोरेंट आदि खोलने की व्यवस्था की बात कही गई है। इसे देखते हुए 7 जून रविवार तक पुरानी गाईडलाईन ही लागू रहेगी और जैसे ही नई गाईडलाईन चाहे 7 जून की शाम को या अगले दिन सुबह मिलेंगी, प्रशासन की ओर से उसकी सूचना जनता तक पहुंचा दी जाएगी। डीसी ने जिला वासियों से यह भी आग्रह किया है कि कोरोना काल में सरकार के निर्देशों का पालन करने के लिए अब तक लोगों ने अच्छा सहयोग दिया है और आगे भी इसी प्रकार से सहयोग मिलता रहे, ताकि कोरोना महामारी से बचाव किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है, बस सावधानी ही इसका सबसे बड़ा बचाव है अर्थात घर से बाहर निकलते वक्त मुहं पर मास्क रखें, सोशल डिस्टैंसिंग में रहें और अपने हाथों को समय-समय पर साबुन से धोएं, क्योंकि कई चीजों से हाथों का स्पर्श हो जाता है।































