जसवाल , ऊना, 20 सितंबर:- जि़ला स्तरीय बैंक सलाहकार एवं समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आज बचत भवन ऊना में संदीप कुमार उपायुक्त की अध्यक्षता में संपन्न हुई । बैठक में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बैंकों द्वारा लक्ष्यों के बदले उपलब्धियों की समीक्षा करते हुये डीसी ने बताया कि जि़ला के बैंकों ने जून 2019 तक 1865 करोड़ के ऋणों के वार्षिक लक्ष्य के बदले 387 करोड़ के ऋण वितरित किये । उन्होंने बताया कि इसी अवधि के दौरान बैंकों ने 783 कृषि कार्ड जारी किये हैं तथा अबतक कुल 51740 कृषि कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। बैंकों का कृषि ऋण 1024 करोड़ है जो कि कुल ऋणों का 32प्रतिशत है ।
उन्होंने बताया कि 6.73 प्रतिशत बार्षिक दर की वृद्धि से बैंकों की जमा राशि 8536.82 करोड़ हो गयी है, जबकि ऋण 6.88 प्रतिशत की दर से बढ़ कर 3207.09 करोड़ हो गया है । जि़ला का ऋण जमा अनुपात बर्ष में 37.52 प्रतिशत से बढ़ कर 37.57 प्रतिशत हो गया है । डीसी ने बताया कि जि़ला का सी.डी. अनुपात राष्ट्रीय लक्ष्य से 60 प्रतिशत की अपेक्षा कम है तथा बैंकों का सी.डी. अनुपात सुधारने हेतु बैंकों और सरकारी विभागों कों भरसक प्रयत्न करने चाहिये ।
इस अवसर पर मण्डल प्रमुख सिद्धार्थ मजूमदार ने बैंकों से आहवाहन किया कि जि़ला की जनता के जीवन स्तर को सुधारने हेतु हर तरह की सहायता की जाये। बैंकों को किसानों की आय बढ़ाने हेतु आबश्यक ऋण वितरित करने चाहिए ।
मुख्य जि़ला अग्रणी बैंक प्रबन्धक जय पाल भनोट ने कहा बैंक वार्षिक ऋण योजना के अंतर्गत निधारित लक्ष्यों को समय रहते पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंकों को अधिक से अधिक कृषि कार्ड बाँटने, कृषि औजारों हेतु ऋण प्रदान करने तथा लघु उद्योगों कों बढ़ावा देने के लिये प्रोत्साहित करने का आहवान किया। उन्होंने मुद्रा और स्टार्ट अप इंडिया योजना के अंतर्गत ऋण वितरित करने का भी अनुरोध किया । प्रधान मंत्री की सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत लोगों को फायदा पहुंचाने हेतु सभी बैंक और सरकारी/गैरसरकारी अधिकारी भरसक योगदान दें । अधिक से अधिक किसानो को प्रधान मंत्री की फसल बीमा योजना में शामिल करें ।
डीसी ने जिला के समस्त बेंकों को निर्देश दिये की वह सभी लोगों को प्रधान मंत्री की सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के बारे जानकारी दें और उनको इन योजनाओं में कवर करें । बैंक गरीब और जरूरतमन्द लोगों को ऋण देने को प्राथमिकता दें ।
इस अवसर पर जि़ला स्तरीय आरसेटी कमेटी की बैठक में निर्देशक राज कुमार डोगरा ने बताया कि इंस्टीट्यूट द्वारा पहली तिमाही में 134 बेरोजगार युवक/युवतियों को विभिन व्यवसाओं हेतु प्रशिक्षण दिया गया ।
नाबार्ड के जि़ला विकास प्रबन्धक अरुण कुमार ने बैठक में शामिल सदस्यों कों स्वयं सहायता समूह बनाने हेतु, जे.एल.जी. तथा नये किसान क्लब बनाने का अनुरोध किया । सभी किसानो को कृषि कार्ड देने का आह्वान किया ।
बैठक में जि़ला परिषद अध्यक्षा सोमा देवी, विभिन्न बैंकों के जि़ला समन्वयकों, स्वर ग्रोवर भारतीय रिजर्व बैंक शिमला के अधिकारी तथा सरकारी/ गैरसरकारी अधिकारियों ने भाग लिया ।






























