24 आकर्षक गतिविधियों और झूलों ने बच्चों के उत्साह को लगाया चार चांद, उमंग-उल्लास से सराबोर रहा विद्यालय परिसर बीएचटी न्यूज, ऊना। एसएसआरवीएम ऊना में विद्यार्थियों के लिए भव्य कार्निवल का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी गतिविधियों, रोमांचक झूलों और मनोरंजक कार्यक्रमों से सजे इस कार्निवल में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उमंग, उल्लास और बच्चों की खिलखिलाहट गूंजती रही।कार्निवल में बच्चों के मनोरंजन और रोमांच को ध्यान में रखते हुए 24 आकर्षक गतिविधियों एवं झूलों की विशेष व्यवस्था की गई। व्हाइट कैसल, पिंक कैसल, येलो-ब्लू बाउंसी, रॉकेट, फ्रोजन बाउंसी, यूनिकॉर्न बाउंसी, पिरामिड राइड, हेलीकॉप्टर बाउंसी, बबल हाउस, बुल्स आई, पीकॉक राइड, स्नेक एंड लैडर, ट्रेन, पॉटरी, टेनिस और बर्मा ब्रिज ने बच्चों का खूब मनोरंजन किया।इसके अलावा तीन बड़े वाटर पूल, वाटर रोलर, वाटर स्लाइड, रेन डांस, डीजे, सेल्फी एरिया, आर्चरी तथा बैलून डेकोरेशन भी कार्निवल के प्रमुख आकर्षण रहे। बच्चों ने अपनी पसंदीदा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हर पल का भरपूर आनंद उठाया। रोमांच, खेल और मनोरंजन से भरपूर यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव बन गया।शिक्षा के साथ आनंददायक गतिविधियां भी जरूरी : सुमेश कुमार शर्माविद्यालय के प्रबंध निदेशक सुमेश कुमार शर्मा ने कार्निवल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल शैक्षणिक शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है। खेलकूद, मनोरंजन, रचनात्मक गतिविधियां और आनंददायक अनुभव भी बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, सहभागिता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।प्रधानाचार्या श्रीमती बृज बाला शर्मा ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने कार्निवल को सफल बनाने के लिए शिक्षकों और पूरी आयोजन टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।कार्निवल का समापन बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान, उत्साह और ढेरों खूबसूरत यादों के साथ हुआ। आयोजन ने विद्यालय परिसर को एक दिन के लिए पढ़ाई के साथ मस्ती, रोमांच और बाल उत्सव के रंगों से भर दिया।






























