पहाडी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने कहा हमारे साथ हुआ धोखा
बददी, शांति गौतम ( 24 अक्तूबर) दून भाजपा मंडलाध्यक्ष संगठन के चुनाव गुरुवार को होटल फोरसिजन में चुनाव प्रभारी रवि मैहता की अध्यक्षता में संपन्न हुए जिसमें भाजपा नेता बलबीर सिंह ठाकुर को लगातार दूसरी बार तीन साल के लिए मंडलाध्यक्ष चुन लिया गया। चुनावों को लेकर कई दिनों से गहमा गहमी चली हुई थी और कई दावेदार मंडल प्रधान बनने के इच्छुक थे। हालांकि सभी दावेदार अंदर ही अंदर गोटियां फिट कर रहे थे लेकिन कोई सामने नहीं आ रहा था लेकिन मैदान में अपरोक्ष रुप से मुकाबला वर्तमान मंडल अध्यक्ष बलबीर ठाकुर व जिला सचिव बलविंद्र ठाकुर गुट के बीच था। हालांकि नवनियुक्त मंडलाध्यक्ष शुरु से ही दून विधायक परमजीत सिंह पहली पंसद बने हुए थे लेकिन कुछ लोग उनकी राह में रोडा बने हुए थे। इस गुट का का साफ कहना था कि बलबीर के अलावा कोई और बने। आज सुबह 11 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरु हुई तो कोई भी दावेदार सामने नहीं आया और किसी ने पत्ते नहीं खोले । बाद में वरिष्ठ नेता डा श्रीकांत शर्मा ने मंच संभाला और आधा दर्जन नेताओं के नाम पढ दिए जो कि स्वयं को दावेदार बता रहे थे। 93 बूथ अध्यक्ष जो कि इस चुनाव में वोटर होते हैं में से जो उपस्थिति थे उनमें किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनी तो चुनाव अधिकारी चुनाव को कुछ समय के लिए टाल दिया और कहा कि मैं एक एक करके सभी बूथ अध्यक्षों की रॉय लूंगा और रायशुमारी में जिसका नाम सबसे उपर होगा वही दून भाजपा की कमान संभालेगा। सूत्रों से पता चला है कि रॉयशुमारी में निर्वमान मंडलाध्यक्ष बलबीर ठाकुर पहले व जिला सचिव बलविंद्र कुमार दूसरे स्थान पर रहे तो चुनाव प्रभारी ने कहा कि ज्यादा सहमति बलबीर ठाकुर पर आई इसलिए उनको मंडल अध्यक्ष घोषित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि चुनाव संवैधानिक प्रक्रिया से सर्वसम्मति से हुआ है जिसके लिए उन्होने तमाम बूथ अध्यक्षों का आभार जताया। उन्होने कहा कि चुनाव पार्टी को चलाने का हिस्सा है लेकिन उसके बाद सबने मिलकर पार्टी के लिए ही काम करना होता है।
पहाडी बूथ अध्यक्ष भडके-
दून विस के पहाडी क्षेत्र के लगभग 40 बूथ अध्यक्षों ने कहा कि चुनाव करवाने में पहाड को बिल्कुल तव्वजो नहीं दी गई और इस बार मंडल अध्यक्ष पहाड से बनना चाहिए था। उन्होने कहा कि मैदानी क्षेत्र से विधायक, चार प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, दो दो चेयरमैन शामिल है जबकि पहाड में ज्यादा कर्मठ कार्यकर्ता है। इस पर दून बीजेपी नेताओं ने कहा कि अगर कोई सक्रिय कार्यकर्ता 50 साल से कम है तो विचार हो सकता है लेकिन ऐसा नाम नहीं मिला। बलबीर ठाकुर के मंडल प्रधान चुने जाने के बाद पहाडी बूथ अध्यक्षों ने ग्रुप फोटो में शामिल होने से साफ इंकार कर दिया और कहा कि यह चुनाव आपको मुबारक हो। उन्होने कहा कि उनको सुबह से यहां पर बुलाकर बेबकूफ बनाया गया अगर पुराने मंडलाध्यक्ष को ही रिपीट करना था तो हमें फोन पर बता दिया जाता हम अपनी सहमति भेज देते। उन्होने विधायक को कहा कि आप विधायक है भगवान नहीं इस प्रकार पहाड की अनदेखी ठीक नहीं। उन्होने कहा कि मैदानी क्षेत्र के लोग तो सत्ता व स्वार्थ देखकर अपनी पार्टियां बदल लेते है जबकि पहाड के लोग एक के प्रति ही निष्ठा रखते हैं।
सबको साथ लेकर चलूंगा-बलबीर
अपने सर्वसम्मति से दूसरी बार अध्यक्ष बनने के बाद बलबीर ठाकुर ने कहा कि पुरानी बातों को भूलकर मैं सबको साथ लेकर चलूंगा। कई बार गलतियां हो जाती है लेकिन उनको अब दोहराया नहीं जाएगा। दून में आगे भी कमल खिलाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
बरिष्ठ नेताओं ने उठाए सवाल-
चुनाव के लिए रखी बैठक में इससे पहले वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अपना रोष जाहिर करते हुए पार्टी के आला नेताओं को भी आईना दिखाया और कहा कि समय रहते कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले चुनावों में मुश्किल हो जाएगी।





























