लॉटरी ने बदली तस्वीर, भाजपा के ठाकुर दास शर्मा के सिर सजा नगर परिषद परवाणू के अध्यक्ष का ताज
प्रशासनिक अनुभव के धनी मोहन लाल आजाद बने नगर परिषद परवाणू के उपाध्यक्ष
डॉ रणधीर जसवाल, परवाणू: नगर परिषद परवाणू के अध्यक्ष पद के लिए हुए लॉटरी सिस्टम में भाजपा पार्षद ठाकुर दास शर्मा के नाम की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लॉटरी के फैसले ने उनकी किस्मत का साथ दिया और उन्हें नगर परिषद परवाणू का अध्यक्ष चुना गया।नगर परिषद चुनाव से पूर्व कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए ठाकुर दास शर्मा ने अध्यक्ष पद हासिल कर अपनी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।अपने मिलनसार व्यक्तित्व, मधुर व्यवहार और जनसरोकारों के प्रति सक्रियता के लिए पहचान रखने वाले ठाकुर दास शर्मा इससे पहले भी नगर परिषद परवाणू के अध्यक्ष रह चुके हैं। नगर परिषद के कामकाज का उनका अनुभव और प्रशासनिक समझ शहर के विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभा सकती है। शहरवासियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी तथा परवाणू के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।हिमुडा में लंबे प्रशासनिक अनुभव और पारिवारिक राजनीतिक विरासत का मिलेगा शहर के विकास को लाभ – नगर परिषद परवाणू के उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद मोहन लाल आजाद निर्वाचित हुए हैं। वार्ड नंबर-3 से विजयी होकर नगर परिषद पहुंचे मोहन लाल आजाद को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से शहरवासियों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है।मोहन लाल आजाद का प्रशासनिक अनुभव उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है। वे हिमुडा (हिमाचल प्रदेश हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी) में वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देने के बाद प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सरकारी कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की उनकी गहरी समझ अब नगर परिषद के कामकाज को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने में सहायक साबित हो सकती है।उनके लिए यह जिम्मेदारी नई नहीं है। उनकी पत्नी भी पूर्व में नगर परिषद परवाणू की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। ऐसे में नगर परिषद की कार्यप्रणाली और स्थानीय प्रशासन का अनुभव उनके परिवार की मजबूत विरासत का हिस्सा रहा है, जिसका लाभ अब शहर के विकास को मिलने की उम्मीद है।सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के धनी मोहन लाल आजाद अपनी साफ-सुथरी कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता के लिए जाने जाते हैं। उपाध्यक्ष पद संभालने के साथ ही उनसे विकास कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा की जा रही है। शहरवासियों को विश्वास है कि उनका प्रशासनिक अनुभव और व्यवहारिक सोच नगर परिषद परवाणू को विकास की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।































