जिला कांग्रेस अध्यक्ष बोले, भाजपा के समय में महंगाई सातवें आसमान पर, सिर्फ भाजपाईयों का हो रहा विकास
जसवाल, ( ऊना ) वर्तमान प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इस सरकार के कार्यकाल में महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच गई है। हालात ये हैं कि आम आदमी को दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो रहा है। यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह ने शनिवार को ऊना में कही। उन्होंने कहा कि डिपुओं में सबसिडी पर मिलने वाला राशन तक महंगा कर दिया है। इतना ही नहीं हजारों लोगों को सस्ते राशन के लाभ से वंचित कर दिया गया। जबकि भाजपा के नेता खोखले विकास की दुहाई देते घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक भी जनकल्याण की योजना को भाजपा धरातल पर नहीं उतार पाई। भाजपा राज में अवैध खनन जोरो से हो रहा है। पिछली कांग्रेस सरकार के समय में मंजूर कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करके प्रदेश की जनता को मुकालते में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और माकूल समय का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ध्येय आम आदमी का विकास रहा है और आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनता के कार्यों को फिर से तेज गति के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री तथा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस एकजुट है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का प्रकोप जिस प्रकार से लगातार बढ़ रहा है उससे आम जनता काफी चिंता ग्रस्त है। वहीं प्रदेश सरकार को इस मामले में उचित व ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि इस महामारी के खतरों से प्रदेश की आम जनता को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि देश के किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है जिसके कारण किसान सड़कों पर उतर कर आंदोलन कर रहे हैं।