बंगाणा के लिए 3 वर्षों में तैयार होगा सीवरेज सिस्टमः वीरेंद्र कंवर
जसवाल, ऊना (19 फरवरी)- ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि बंगाणा और आस-पास के इलाकों के लिए तीन वर्षों में सीवरेज सिस्टम बनकर तैयार हो जाएगा। आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बंगाणा में सीवरेज व्यवस्था के निर्माण के लिए 5.54 करोड़ रुपए प्रदेश सरकार की ओर से जल शक्ति विभाग को प्राप्त हो चुके हैं। सीवरेज की सुविधा से बंगाणा उप मंडल की एक बड़ी आबादी लाभान्वित होगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि धनराशि मिलने के बाद जल शक्ति विभाग के अधिकारी अब सीवरेज सिस्टम के निर्माण हेतु टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया के लिए औपचारिकताओं को पूरा करने में लगे हैं। टेंडर के आंबटन के बाद सीवरेज सिस्टम के निर्माण का कार्य तेज़ी से आरंभ होगा और उम्मीद है कि अगले तीन वर्षों के भीतर बंगाणा व आस-पास के निवासियों को सीवरेज की बड़ी सुविधा मिल पाएगी। बंगाणा सीवरेज सिस्टम में 110 चैंबर तथा 646 मैनहोल बनाए जाएंगे। इसके अलावा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 400 केएलडी होगी।
उन्होंने कहा कि सीवरेज सिस्टम होने से गंदा मलयुक्त पानी सीधे नालियों के रास्ते नालों और आगे नदी तक तक नहीं पहुंचेगा। सीवरेज व्यवस्था होने से गंदे पानी का ट्रीटमेंट हो सकेगा। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से पानी के हानिकारक कैमिकल निकाल कर इसे दोबारा खड्ड में छोड़ दिया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल पाएगी और नदी-नालों का पानी दूषित होने से बच सकेगा। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास की अनेकों योजनाओं पर तेजी गति से कार्य हो रहा है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा में 1.20 करोड़ रुपए की लागत से विज्ञान भवन बनाकर तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बंगाणा में ही मिनी सचिवालय 19 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है, जिससे इलाके के लोगों को अच्छी सुविधा मिल पाएगी। साथ ही बंगाणा ब्लॉक के भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिस पर 10 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।































