किसानों की मांग पर सरकार ने सोलर फैंसिंग में तारबंदी व काटेंदार तार लगाने को किया शामिल
जसवाल, ऊना (24 नवंबर)- मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आज (सोमवार) हरोली विधानसभा क्षेत्र के कर्मपुर से मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना का शुभारंभ करेंगे। किसान की फसल को जंगली तथा बेसहारा पशुओं के आतंक से बचाने के लिए शुरू की जा रही इस योजना के तहत इस वर्ष के लिए प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। प्रदेश सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना में बदलाव करते हुए सोलर फैंसिंग स्कीम में तारबंदी व कांटेदार तार लगाने को शामिल किया है।
योजना के तहत हरोली विधानसभा क्षेत्र के कर्मपुर में 700 कनाल भूमि की बाड़बंदी की जा रही है, जिसके अंतर्गत लगभग 200 किसान परिवारों का लाभ मिलेगा। किसान संशोधित योजना को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
क्या है योजना
बेसहारा पशुओं, जंगली-जानवरों और बंदरों से किसान की फसल को बचाने के लिए शुरू की गई खेत संरक्षण योजना के अंतर्गत अब कांटेदार तार, चैनल लिंक बाड़बंदी भी हो सकेगी, जिसके लिए प्रदेश सरकार की ओर 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी और 70 प्रतिशत सब्सिडी समग्र बाड़बंदी के लिए प्रदान की जाएगी। इस योजना में किसानों को पहले ही सौर ऊर्जा बाड़बंदी के लिए 80 प्रतिशत व समूह में बाड़बंदी के लिए 85 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है।
किसानों को होगा लाभः राम कुमार
इस बारे में हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने कहा कि बेसहारा पशुओं व जंगली जानवरों की वजह से किसान खेती के प्रति उदासीन बनते जा रहे थे। मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत पहले से सोलर फैंसिंग की जा रही थी लेकिन किसानों को उसका पूर्ण लाभ नहीं मिल पा रहा था। इसीलिए सरकार ने इस योजना को और कारगर बनाते हुए सोलर फैंसिंग के साथ-साथ चैनल लिंक व कांटेदार तार लगाने को भी जोड़ दिया है। किसान भी यही मांग कर रहे थे और अब उनकी मांग पूरी हो रही है। प्रसन्नता इस बात की है कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर पूरे प्रदेश के लिए शुरू हो रही इस योजना का शुभारंभ हरोली विधानसभा क्षेत्र से कर रहे हैं।
































