सत्ती ने ऊना शहर के वार्ड चार व 11 में चलाया जनसंपर्क अभियान
रणधीर जसवाल, ऊना:कांग्रेस सरकार प्रदेश में विकास करवाने में बुरी तरह से फेल साबित हुई है। सरकार ने विकास को प्राथमिकता न देकर केवल मात्र अपने चहेतों को ही लाभ पहुंचाने का काम किया है। यह बात भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना शहर के वार्ड नंबर 11 व चार में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में चलाए जनसंपर्क अभियान के दौरान नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेढ वर्ष में कानून व्यवस्था का बुरा हाल रहा। स्वां का खूब चीरहरण किया गया। राजनीतिक संरक्षण के चलते खनन माफिया दिन-रात स्वां नदी में मशीनरी के साथ अवैध खनन को अंजाम दे रहा है। प्रशासन भी सब कुछ देखते हुए आंखे मूंदे बैठा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने स्वयं तो कोई विकास कार्य नहीं करवाया, लेकिन पूर्व भाजपा सरकार के समय खुले सैकड़ों सरकारी कार्यालयों को बंद करने का काम किया। इस सरकार सरकारी कार्यालयों को बंद करने के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के सपने दिखाने वाली कांग्रेस सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई काम नहीं किया। प्रदेश में सत्ता पर काबिज होने के बाद से ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू केवल बजट न होने का ही राग अलापते रहे। लेकिन इनके मंत्री सैर सपटो में लगे रहे। उन्होंने कहा कि स्कूलों व स्वास्थ्य संस्थानों में कई पद रिक्त चल रहे है। कार्यालयों में रिक्त पदों को नहीं भरा गया। बल्कि कर्मचारियों को तबादलों के नाम पर प्रताडि़त किया गया। सत्ती ने कहा कि जनता अब कांग्रेस की असलियत जान चुकी है। आगामी लोकसभा व विधानसभा के उपचुनावों में कांग्रेस की बुरी फजीहत होने वाली है।




























