डिग्री कॉलेज खड्ड और पशु धन भवन ऊना में मॉक ड्रिल का आयोजन
ऊना, (11 अक्तूबर): राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सौजन्य से आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए चलाए जा रहे जन जागरूकता एवं क्षमता निर्माण अभियान समर्थ-2019 के तहत आज राजकीय महाविद्यालय, खड्ड में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं, उनसे निपटने के उपायों और आपदा जाखिम को कम करने के उपायों बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। यह जानकारी आज यहां महाविद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य प्रो. रविराज ने दी। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक वीरेंद्र सिंह, गुरजीत कौर, सुधीर कुमार व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।इस अवसर पर प्रो. रविराज ने विद्यार्थियों को बताया कि आपदाओं को पूर्वानुमान लगाना अथवा इनको पूर्ण रूप से रोक पाना तो हमारे वश में नहीं है लेकिन इनके प्रभाव को एक सीमा तक जरूर कम किया जा सकता है। यह तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक विभिन्न प्रकार की आपदाओं तथा उनसे निपटने और उनके जोखिम को कम करने के उपायों बारे जागरूक हो ताकि बेहतर आपदा प्रबंधन से जान-माल को कम से कम नुकसान पहुंचे।इस अवसर पर आग लगने की स्थिति में विभिन्न सुरक्षा उपायों को प्रदर्शित करने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया। इसी अभियान के तहत पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग द्वारा उपमंडल पशु चिकित्सालय, ऊना और पशु धन भवन, ऊना में भी अग्नि सुरक्षा पर आधारित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से परिसर में आग लगने पर उसे अग्रिशमन यंत्रों की सहायता से बुझाया गया और दो बकरियों, एक कुत्ते और एक भैंस को बचाया गया। इस मौके पर उपनिदेशक, पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग डॉ. जय सिंह सेन भी उपस्थित रहे।





























