पूबोवाल में वन महोत्सव में की शिरकत, रोपी हरियाली
डॉ रणधीर जसवाल ऊना, 14 सितंबर. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले में आलू आधारित आर्थिकी को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार इसके लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने उपायुक्त ऊना को आलू की खरीद और बिक्री के लिए एक सुदृढ़ तंत्र विकसित करने हेतु विस्तृत अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह हिमाचल में सेब आधारित आर्थिकी को सफलता मिली है, उसी तरह ऊना में आलू आधारित आर्थिकी के लिए भी संभावनाएं हैं। शनिवार को ऊना जिले के हरोली के पूबोवाल गांव में आयोजित 75वें वन महोत्सव के अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना के किसान बड़े पैमाने पर आलू की खेती करते हैं और यहां आलू की बंपर पैदावार होती है। सरकार मजबूत व्यवस्था बना कर आलू आधारित आर्थिकी तंत्र विकसित करने का काम करेगी। उन्होंने हरोली के बीत क्षेत्र में किसानों के खेतों की संपूर्ण बाड़बंदी की दिशा में भी निर्णायक कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई।
तालाबों को समतल बनाने की नहीं मिलेगी अनुमति
उपमुख्यमंत्री ने प्रशासन को किसी को भी तालाबों को मिट्टी से भरकर समतल करने की अनुमति न देने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों में जल भराव क्षेत्र की जलस्तर गिरावट की समस्या से निपटने के लिए अहम है, इसलिए तालाबों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरोली विस में तालाबों की रिर्चाजिंग पर 12 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
बच्चों के जन्म पर लगाएं पौधा – उपमुख्यमंत्री ने बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री के साथ वन महोत्सव के अवसर पर पौधारोपण किया तथा लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया। इस मौके डीसी, एसपी समेत अन्य अधिकारियों और गणमान्य जनों ने भी पौधे रोपे। उपमुख्यमंत्री ने लोगों से पौधारोपण को अपने जीवन से जोड़ने की अपील की। बच्चे के जन्म पर पौधा लगाएं, जब वे स्कूल में दाखिल हों तब भी उनके नाम पर पौधा लगाएं। इससे पौधों के साथ जुड़ाव और प्रकृति से अपनापन होगा। इस मौके उपायुक्त जतिन लाल ने अपने संबोधन में लोगों से पौधारोपण की अहमियत समझने तथा अपना दायित्व पहचानने की अपील की। उन्होंने इस मुहिम को जन आंदोलन बनाने और सभी से इसमें भागीदारी निभाने का आग्रह किया। इस अवसर पर कंजर्वेटर फॉरेस्ट निशांत मंढोत्रा ने कहा कि वन महोत्सव हमें वनों और प्रकृति से जुड़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि ऊना जिले में पौधारोपण मुहिम में 3 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लोगों को स्कूलों, स्वयं सहायता समूह और पंचायतों के माध्यम से 1 लाख 5 हजार पौधे वितरित किए गए हैं। डीएफओ सुशील राणा ने पौधारोपण मुहिम के तहत ऊना जिले में किए प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित डेरा बाबा श्रीचंद जी के बाबा संतोष दास बिट्टू ने भी वन महोत्सव के अवसर पर अपने विचार रखे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी पर बल दिया।
ये रहे उपस्थित – कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री की सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, जिला कांग्रेस ओबीसी सेल के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, कांग्रेस के लीगल सेल के चेयरमैन वीरेंद्र मनकोटिया, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष धर्म चंद चौधरी, हरोली कांग्रेस के एससी सेल के अध्यक्ष यशपाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह समेत अन्य अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




























