भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कुटलैहड़ के विकास के लिए वीरेंद्र कंवर की पीठ थपथपाई
जसवाल ( ऊना ) थानाकलां में “विजय संकल्प अभियान जनसभा” में भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कुटलैहड़ की जनता को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता ने भाजपा को दशकों से आशीर्वाद दिया है जिस कारण आज यहां विकास को गति मिली है। उन्होंने एक बार फिर कुटलैहड़ में वीरेन्द्र कंवर को बहुमत देकर विधानसभा पहुंचाने का आह्वान किया जिससे कुटलैहड़ का विकास निर्बाध रूप से जारी रहे। जनसभा के दौरान खन्ना ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का बखान किया और कुटलैहड़ के विकास के लिए वीरेंद्र कंवर की पीठ थपथपाई। अविनाश राय खन्ना ने कहा कि सिराज व कुटलैहड़ में एक समान विकास हुआ है जिसके लिए उन्होंने कंवर के परिश्रम की सराहना भी की। वीरेंद्र कंवर ने कहा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र मैं विकास ही उनका मुख्य एजेंडा है। उन्होंने कहा कि जब-जब भी कांग्रेस की सरकार बनी है तो कुटलैहड़ का विकास रुका है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र एक पहाड़ी क्षेत्र है जिसको पर्यटन के रूप में उन्होंने विकसित करने का बीड़ा भी उठाया है। आने वाले समय में इस क्षेत्र में पर्यटन की काफी योजनाएं लागू की जाएंगी जिससे आम ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।