नगर निगम के वार्ड परिसीमन का प्रारूप प्रकाशित, सुझाव और आपत्तियाँ सात दिनों के भीतर आमंत्रित
BHT news, ऊना, 2 जून। नगर निगम ऊना के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत वार्डों के परिसीमन के लिए प्रारूप प्रस्ताव 2 जून को प्रकाशित कर दिया गया है। यह जानकारी उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने दी। उपायुक्त ने बताया कि सभी संबंधित हितधारक प्रस्तावित वार्ड सीमाओं की समीक्षा कर सकते हैं। यदि प्रारूप परिसीमन के संबंध में कोई सुझाव, आपत्ति या सुधार प्रस्तावित करना हो, तो वह सात दिनों के भीतर उपायुक्त कार्यालय, ऊना में लिखित रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि परिसीमन का यह प्रारूप नगर निगम ऊना के कार्यालय एवं उपायुक्त कार्यालय में निरीक्षण हेतु उपलब्ध है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे प्रस्तावित सीमाओं का अवलोकन कर लें और यदि कोई सुझाव, आपत्ति अथवा सुधार प्रस्तुत करना चाहें, तो वे उसे सात दिनों के भीतर लिखित रूप में उपायुक्त ऊना के कार्यालय में भेज सकते हैं।प्रस्तावित परिसीमन के अनुसार नगर निगम ऊना को कुल 17 वार्डों में विभाजित किया गया है। यह विभाजन क्षेत्रीय संतुलन, जनसंख्या वितरण, प्रशासनिक सुविधा तथा प्राकृतिक सीमाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। 2011 की जनगणना के आधार पर इन वार्डों की कुल जनसंख्या 45,604 है।
ये हैं 17 वार्ड – इन 17 वार्डों में वार्ड नंबर 1 लालसिंगी की कुल जनसंख्या 2511, वार्ड नंबर 2 झलेड़ा की कुल जनसंख्या 2123, वार्ड नंबर 3 रैनसेरी की कुल जनसंख्या 2182, वार्ड नंबर 4 कोटला की कुल जनसंख्या 2813, वार्ड नंबर 5 अजनोली की कुल जनसंख्या 2984, वार्ड नंबर 6 अरनियाला अप्पर की कुल जनसंख्या 2392, वार्ड नंबर 7 अरनियाला लोअर की कुल जनसंख्या 2045, वार्ड नंबर 8 आर्य नगर की कुल जनसंख्या 3753, वार्ड नंबर 9 गलूआ की कुल जनसंख्या 1942, वार्ड नंबर 10 बैहली की कुल जनसंख्या 2997, वार्ड नंबर 11 शिवनगर की कुल जनसंख्या 3892, वार्ड नंबर 12 नीला घाट की कुल जनसंख्या 2119, वार्ड नंबर 13 मलाहत की कुल जनसंख्या 3305, वार्ड नंबर 14 भड़ोंलियाँ की कुल जनसंख्या 3392, वार्ड नंबर 15 रक्कड़ कालोनी की कुल जनसंख्या 2889, वार्ड नंबर 16 कुठार की कुल जनसंख्या 2108 और वार्ड नंबर 17 रामपुर की कुल जनसंख्या 2157 है। प्रत्येक वार्ड में स्थानीय राजस्व मोहाल के भौगोलिक हिस्सों को इस प्रकार से जोड़ा गया है कि जनसंख्या संतुलन के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता भी सुनिश्चित हो सके। परिसीमन से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति नगर निगम ऊना कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।



























