धुंदला में आयोजित किसान मेले में 400 से अधिक किसानों ने लिया भाग
जसवाल, ऊना (23 फरवरी)- ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सभी विभागों के अधिकारियों से किसान के खेतों में जाकर काम करने को कहा है। आज धुंदला में आयोजित किसान मेले की अध्यक्षता करते हुए कंवर ने कहा कि अधिकारी किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर खेत में जाकर काम करना चाहिए, ताकि उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्राकृतिक खेती के लिए सम्मान- किसान मेले में 400 से अधिक किसानों ने भाग लिया, जिसमें कृषि, बागवानी तथा पशु पालन विभाग के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मेले में प्राकृतिक खेती करने वाले बंगाणा ब्लॉक के पांच किसानों को सम्मानित किया और किसानों को बीज भी प्रदान किए गए।इस अवसर पर विभागों ने प्रदर्शनी भी लगाई थी, जिसका ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने निरीक्षण किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य इंदु बाला, भाजपा नेता विजय शर्मा, चरणजीत शर्मा, मदन राणा, राजेंद्र रिंकू, राजेंद्र मलांगड़, कृषि विभाग से सुरेश कपूर व संतोष शर्मा, बागवानी विभाग से सुभाष चंद तथा केके भारद्वाज, पशु पालन विभाग के डॉ. सुरेश धीमान तथा डॉ सतिंदर ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






























