बसदेहड़ा स्कूल में विद्यार्थियों को बताए नशे के दुष्प्रभाव
जसवाल,ऊना (18 नवंबर)- नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसदेहड़ा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और इस जागरूकता अभियान में शामिल होकर घर-घर तक संदेश पहुंचाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के बारे में घर-घर में चर्चा होनी चाहिए। माता-पिता को अपने बच्चों के साथ खुल कर बात करनी चाहिए। जब तक नशे के बारे में चर्चा नहीं होगी तब तक इसे जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान नहीं किया जा सकता।

विशेषज्ञों ने बताए दुष्प्रभाव
बसदेहड़ा स्कूल में विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों से आए विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। शिक्षा विभाग से अश्वनी शर्मा, शमशेर सिंह तथा रामजी दास ने योग व ध्यान के साथ-साथ तनाव मुक्ति के टिप्स युवाओं को दिए। आयुर्वेद विभाग से डॉ. किरण शर्मा ने नशे से मनुष्य के शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान की। सब इंस्पेक्टर सर्वजीत सिंह ने नशे के कानूनी पहलूओं तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. बीआर धीमान ने नशे से दूर के बारे में जागरूक किया। जिला कल्याण अधिकारी सुरेश शर्मा ने नशा विरोधी विशेष अभियान के बारे में जानकारी प्रदान की, जबकि प्रधानाचार्य बसदेहड़ा स्कूल कमलदीप सिंह ने नशे से समाज पर होने वाले असर के बारे में बात की।
नुक्कड़ नाटक का हुआ मंचन
इस कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा एक नुक्कड़-नाटक का मंचन भी किया गया।
आईटीआई ऊना में भी शराब के दुष्प्रभावों पर हुई चर्चा
आईटीआई ऊना में भी शराब के दुष्प्रभावों पर चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को नशा विरोधी विशेष जागरूकता अभियान के बारे में बताया तथा उनके नशा तस्करों को पकड़ने में मदद की अपील की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आईटीआई ऊना यशपाल सिंह रायजादा भी उपस्थित रहे।

































