कहा चंद लोग चांदी कूटने में लगे हैं सत्ता के नशे में स्वां के सीने को छलनी किया जा रहा
जसवाल, ऊना ( 6 जनवरी ) ऊना सदर के विधायक सतपाल रायजादा ने अवैध खनन के मसले पर प्रदेश सरकार के मंत्री वीरेंद्र कंवर को आड़े हाथों लिया है। सोमवार को जारी बयान में सतपाल रायजादा ने कहा कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में अवैध खनन हो रहा है। चंद लोग चांदी कूटने में लगे हैं सत्ता के नशे में स्वां के सीने को छलनी करने का काम किया जा रहा है। दो साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार है और कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर अवैध खनन के लिए कांग्रेस सरकार को दोषी ठहरा रहे हैं। यह मंत्री का दिवालीयापन नहीं तो क्या है। उन्होंने कहा कि कब तक भाजपा के मंत्री अपनी नाकामियों का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब तो मंत्री जी को भाजपा सरकार होने का अहसास हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी गलतियां कांग्रेस के सर फोड़कर भाजपा को कुछ प्राप्त होने वाला नही हैं। अब जनता को जवाब भी देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में होने की बात मानते हुए हर प्रकार के माफिया को खत्म करने का काम करना चाहिए। कांग्रेस भी इसमें सहयोग करेगी। लेकिन भाजपा को अपना बोया हुआ खुद ही काटना पड़ेगा और मंत्री जी स्वीकार करें की भाजपा सरकार में माफिया बड़ा है। भाजपा के माफिया विरोधी प्रदर्शन महज दिखावा थे। उन्होंने कहा कि पुलिस यदि कोई टिप्पर पकड़ भी लेती है तो भाजपा के नेता दवाब डाल छुड़वा लेते हैं। अवैध खनन को महज चलान के साथ जायज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यों का ही उद्घाटन शिल्यान्यास कर फीते काटे जा रहे हैं। इस पर भी वीरेंद्र को रोशनी डालनी चाहिए। सतपाल रायजादा ने कहा कि खनन माफिया ने करोड़ो रुपए के स्वां प्रोजेक्ट को नुक्सान पहुंचा दिया है। और अभी भी मशीनों के साथ अवैध खनन कर सरकारी संपत्ति को खतरे में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर कार्यवाई करने के लिए पुलिस के पास समय नहीं है। क्योंकि सत्ता में बैठे नेताओं का दवाब है। रायजादा ने कहा कि अवैध खनन व सरकार की नाकामियों के विरुद्ध आंदोलन छेड़ा जाएगा। कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि पाकिस्तान के ननकाना साहिब के गुरुद्वारे पर पत्थरबाजी की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा सिक्खों के लिए ही नहीं हम सबके लिए पवित्र है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को ऐेसे मामले पर सख्ती दिखानी चाहिए।































