पुराना बस अड्डा ऊना पर तीन दिन और चलेगा सरस मेला

जसवाल,ऊना (31 जनवरी)- ग्रामीण विकास विभाग का दस दिवसीय सरस मेला आज आधिकारिक तौर पर संपन्न हो गया। समापन कार्यक्रम में उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने मुख्यतिथि के तौर पर शिरकत की। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए जबकि समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने की।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में हुई इनवेस्टर मीट में विभिन्न कंपनियों ने 93 हजार करोड़ रुपए के निवेश की इच्छा जताई है, जो प्रदेश सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए आगे बढ़ाते हुए दिसंबर 2019 में ग्राउंड ब्रेकिंग का पहला दौर हुआ, जिसमें 13 हजार करोड़ रुपए का निवेश धरातल पर उतारा गया है और अब इसी वर्ष जून माह में 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश को जमीन पर उतराने का खाका तैयार कर लिया है। देश की बड़ी-बड़ी कंपनियां हिमाचल प्रदेश में निवेश करने को तैयार हैं। निवेश आने से लोगों को रोजगार के अवसर पर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि सरस मेले में 60 लाख रुपए का कारोबार हुआ है, जो एक अच्छा संकेत है। लोगों को एक ही छत्त के नीचे देश भर के स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाई गई चीजें उपलब्ध होती हैं। बिक्रम ठाकुर ने इस तरह के मेलों के आयोजन पर बल दिया।
मेले में देश की संस्कृति की झलक- कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि सरस मेले में देश भर की संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए पूरे प्रदेश का एक कैलेंडर तैयार किया जाना चाहिए, ताकि स्वयं सहायता समूहों को व्यापक तौर पर बाजार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेले गांव की आर्थिकी को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले के सफल आयोजन के लिए उन्होंने जिला प्रशासन व ग्रामीण विकास विभाग को बधाई दी।
इस अवसर पर उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने कहा कि सरस मेले को लेकर लोगों में भारी उत्साह रहा और अभी भी दूर-दूर से लोग मेले में खरीददारी करने के लिए आ रहे हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए तीन और दिन तक सरस मेला चलता रहेगा।
महाराष्ट्र का समूह पहले स्थान पर- सरस मेले में उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने सबसे ज्यादा कारोबार करने वाले स्वयं सहायता समूहों को पुरस्कार वितरित किए। महाराष्ट्र से आए ओम शांति नंदूरबार स्वयं सहायता समूह पहले स्थान पर रहा, जबकि कुल्लू का पतंति स्वयं सहायता समूह दूसरे तथा चंबा का भलेई माता स्वयं सहायता समूह तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा मेले में भाग लेने आए सभी समूहों को स्मृति चिन्ह भी वितरित किए गए। ऊना के पुराना बस स्टैंड पर 21 जनवरी से शुरु हुए इस मेले में देश भर के 21 राज्यों के स्वयं सहायता समूह ऊना पहुंचे थे और मेले में इनके उत्पाद बिक्री के लिए रखे गए।
जैकब ने बांधा समां- समापन कार्यक्रम में ऊना के जैकब ने अपनी गायकी से समां बांध दिया। उनके गाए गानों की खूब प्रशंसा हुई।
अवसर पर उपायुक्त ऊना संदीप कुमार, एडीसी अरिंदम चौधरी, पीओ डीआरडीए संजीव ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी रमण कुमार शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, एपीएमसी चेयरमैन बलबीर सिंह बग्गा, यशपाल राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।































