आईजीएमसी की रिपोर्ट बददी पहुंची-एसपी, मरने से पहले नहीं हुई थी पिटाई, शरीर पर नहीं मिले चोटों के निशां
बददी, 4 दिसबर (शांति गौतम) बददी के निकट ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली के तहत कल्याणपुर गांव में जेसीबी से लटककर हुई मौत के मामले आईजीएमसी शिमला की पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट आ गई है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में डाक्टरों के पैनल ने इस बात का उल्लेख किया है कि जेसीबी चालक सर्वजीत सिंह निवासी घनौला पंजाब जिला रोपड की मौत गर्दन के ज्यादा लटकने से हुई है। एस.पी.बददी रोहित मालपानी ने बताया कि पोस्ट मार्टम की रिपोर्ट में लिखा है कि मरने से पहले सर्वजीत से किसी भी प्रकार की मारपीट नहीं हुई थी। न ही उसके संपूर्ण शरीर पर कहीं भी चोट के निशान पाए गए। इसके अलावा पोस्ट मार्टम में यह भी लिखा है कि सर्वजीत को मार कर यहां नहीं लटकाया गया है यानि लटकाने से पहले गला घोंट कर उसकी मौत नहीं हुई । उसकी मौत गले में फंदा डालने से और गर्दन ज्यादा खींचने से हुई थी। एस.पी रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस इस पेचीदा मामले की गहराई से जांच कर रही है कि इसने आत्महत्या की या इसकी हत्या हुई है। उन्होने कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उस दिन मामले से जुडे हर व्यक्ति के बयान कलमबंद कर रही है और उसकी कंपनी के मालिक की भी पूरी गतिविधि भी खंगाली जा रही है। उन्होने कहा कि जल्द ही यह मामला हल कर लिया जाएगा और उससे पहले सभी पहलूओं को ध्यान में रखा जा रहा है। केस से जुडे लोगों के मोबाईल भी खंगाले जाएंगे और टावर लोकेशनें भी देखी जाएगी इसलिए अभी इस मामले को हल होने में समय लगेगा लेकिन सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी । पुलिस अधिकारी कडी मेहतन और शिददत से इसमें निष्पक्ष जांच कर रही है।































