आठवीं से स्कूलों में स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू करने की मांग उठाई

जसवाल, ऊना (7 दिसंबर)- केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि जीएसटी की वजह से पिछले लगभग साढ़े पांच वर्ष में महंगाई दर 3.50 प्रतिशत से नीचे रखने में कामयाबी मिली है। माउंट कार्मल वरिष्ठ माध्मयिक पाठशाला ऊना के वार्षिक उत्सव की अध्यक्षता करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले महंगाई दर 13 प्रतिशत तक रही लेकिन जीएसटी लागू होने के बाद महंगाई दर नियंत्रण में आई। उन्होंने कहा कि आज सिर्फ 40 वस्तुओं पर 28 प्रतिशत की दर से टैक्स लागू है, बाकि सभी वस्तुओं पर टैक्स की दर कम है। टैक्स से प्राप्त होने वाले राजस्व को केंद्र सरकार विकास योजनाओं तथा जन कल्याण के लिए खर्च करती है। नोटबंदी का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार के इस कदम से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। नोटबंदी लागू होने के बाद आयकरदाताओं की संख्या बढ़ी तथा आयकर के माध्यम में प्राप्त होने वाला टैक्स भी बढ़ा।
आठवीं से शुरू हो स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम
केंद्रीय राज्य मंत्री ने शिक्षा को रोजगार उन्नमुखी बनाने पर बल देते हुए स्कूलों में ही स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आठवीं कक्षा से ही स्कूलों में यह कार्यक्रम शुरू होना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार विषय चुनने में मदद मिल सके। आज उद्योगों तथा कॉरपोरेट घरानों में काबिल पेशेवरों की आवश्यकता है लेकिन आज की शिक्षा व्यवस्था उसे पूरा करने में पूरी तरह से सफल नहीं है। इसलिए ऐसी शिक्षा की आवश्यकता है कि ताकि छात्रों को डिग्री लेने के बाद रोजगार के लिए भटकना न पड़े।
नशे से दूर रहना आवश्यक
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती नशा है। युवाओं को नशे से दूर रखने में अभिभावकों की भी अहम भूमिका है। माता-पिता अपने बच्चे के व्यवहार पर नजर रखें और उनसे लगातार संवाद कायम करें ताकि वह नशे की दलदल में न फंसे। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि खेल अनुशासन सिखाता है जो जीवन में आगे बढ़ने के काम आता है। वह स्वयं क्रिकेट के खेल के साथ जुड़े रहे हैं और क्रिकेट के मैदान से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है। अनुराग ने कहा कि आज प्रतियोगिता का दौर है, ऐसे में विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए खुद को तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए और लड़ना ही जीवन है।
स्कूल के पास फुटओवर ब्रिज की मांग उठाई
कार्यक्रम के दौरान माउंट कार्मल स्कूल के बाहर एनएच पर फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग उठाई गई, जिस पर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री ने कहा कि वह यह मामला दिल्ली जाकर केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ उठाएंगे। उन्होंने कहा कि एनएच पर फुटओवर ब्रिज बनाने के लिए एनओसी की आवश्यकता होती है। इससे पहले स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया और अनुराग ठाकुर ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, एपीएमसी चेयरमैन बलबीर सिंह बग्गा, नगर परिषद ऊना के अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी, सुमित शर्मा, पूर्व विधायक नवीन धीमान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
































