नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने राजनीति का स्तर गिराया, अब कांग्रेस वोट भी पैसे देकर हासिल करने की बात को सही ठहरा रही – भाजपा
BHT news (ऊना) हरोली भाजपा के मंडल अध्यक्ष गुलविंद्र गोल्डी, महामंत्री राजीव राणा, रणजीत गागो, महिला मोर्चा अध्यक्ष संयोगिता देवी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष स्वर्ण चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत राणा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें मुकेश ने पैसे बांटने के मामले को लेकर खुद को सही ठहराया था। भाजपा नेताओं ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने राजनीति के स्तर को इस कदर गिरा दिया है कि अब वोट भी पैसे देकर हासिल किए जाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर अपने परिवार को लेकर झूठे आरोप लगाने वाले मुकेश अग्निहोत्री ने खुद ही अपने परिवार की गरिमा को गिरा दिया है जब उन्होंने अपनी धर्म पत्नी और बेटी को लोगों में पैसे बांटने के लिए फील्ड में उतार दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री सबसे पहले वह खाता सार्वजनिक करें जिस खाते से वह लोगों में जो 2-2 हज़ार रुपये के नोट लिफाफे में डालकर अपनी पत्नी और बेटी से बंटवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तस्वीर साफ हो चुकी है कि नेता प्रतिपक्ष ने राजनीति को पैसों से तोल कर गंदा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का परिवार चुनाव नजदीक आते आते पैसे बांट रहा है लेकिन वह बताएं जब देश की जनता समेत हरोली के लोग कोविड-19 जैसे बुरे हालात में फंसे थे, उस वक्त नेता प्रतिपक्ष का यह पैसा कहां था। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री विधायकी का रौब दिखाकर लोगों को डराने का प्रयास न करें, यदि मैं विधायक हैं तो वह अपनी पत्नी से पैसे बनवाने जैसा अनुचित काम करने का अधिकार नहीं रखते। भाजपा नेताओं ने कहा कि खुद को 20 साल से हरोली का विधायक बताने वाला नेता यह बताएं कि 20 साल के बाद अब उसे चुनाव के नजदीक आते-आते लोगों में पैसे बांटने की क्या जरूरत पड़ गई। उन्होंने कहा कि दरअसल मुकेश अग्निहोत्री की यही फितरत है वह लोगों का कोई काम नहीं करते केवल मात्र उन्हें पैसों से खरीद कर चुनाव जीतने में विश्वास रखते हैं और उनकी पत्नी का पैसे बांटने का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है उससे यह तमाम आरोप खुद ब खुद साबित भी हुए हैं।
































