शहीद हवलदार अरुण कुमार को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
BHT news, ऊना, 14 अगस्त. कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के चताड़ा गांव के वीर सपूत, शहीद हवलदार अरुण कुमार को गुरुवार को उनके पैतृक गांव चताड़ा में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। 40 वर्षीय शहीद अरुण कुमार अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवारत थे। 12 अगस्त को ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से उनका आकस्मिक निधन हो गया था। अंतिम यात्रा में सरकार, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, सेना तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद अनुराग ठाकुर, स्थानीय विधायक विवेक शर्मा, उपायुक्त जतिन लाल, प्रशासनिक एवं सेना के अधिकारियों ने गांव पहुंचकर शहीद को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।वहीं, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शहीद हवलदार अरुण कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक सन्देश में कहा कि उनका साहस, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की। गांव की गलियों से होकर निकली अंतिम यात्रा में ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। शहीद अरुण कुमार अपने पीछे पिता राम कुमार, माता नीलम देवी, धर्मपत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं



























