जिसने 15 साल विधायक रहते हुए कुछ नहीं किया वह आगे भी कुछ नहीं कर पाएंगे और केवल झूठे श्रेय लेने का ढिंढोरा पीटेंगे
जसवाल (ऊना )जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री वरूण पुरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रविंद्र सहोड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिव कुमार सैणी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव संजीव कंवर, बी.डी.सी. चेयरमैन जसपाल सिंह भटोली ने भाजपा नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने कहा है कि भाजपाई पिछले विधानसभा चुनावों में मिली करारी शिकस्त को भूल नहीं पा रहे हैं जिसके चलते भाजपाई अपने नेता सहित पिछले साढ़े 3 साल से लगातार सदमें में चल रहे हैं। इसी सदमें के चलते वह यह भूल गए हैं कि विकास विधायक करवाता है न की हारे हुए नेता। यह बात यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली राशि हारे हुए नेताओं से बंटवाने को विकास नहीं कहते। यह राशि लोगों का हक है लेकिन भाजपा नेता महज राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए चैक बांटने का ड्रामा करके इसी को विकास बताते हैं। कांग्रेसियों ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी सदर विधायक ने प्रत्येक गांव में विकास किया है। सडक़ों-गलियों व सामुदायिक भवनों का विधायक निधि से विकास किया है। भाजपा सरकार ने विकास कार्यों में अडंगे ही डाले हैं। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि जिला मुख्यालय को मिले 22 करोड़ की नींव वीरभद्र सरकार ने रखी थी। यदि भाजपा नेता इसको अपना बताते हैं तो यह बताएं कि पूर्व भाजपा सरकार में यह क्यों नहीं जारी हुए थे और क्यों मौजूदा भाजपा सरकार में इसको जारी होने में साढ़े 3 साल लग गए? राजनीतिक फायदे के लिए क्यों अब यह राशि जारी की गई? क्यों साढ़े 3 साल तक इसको रोक रखा? कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऊन सदर की जनता अब भाजपा नेताओं के झूठी बातों में नहीं आने वाली क्योंकि जनता जानती है कि जिसने 15 साल विधायक रहते हुए कुछ नहीं किया वह आगे भी कुछ नहीं कर पाएंगे और केवल झूठे श्रेय लेने का ढिंढोरा पीटेंगे।





























