लेबर हॉस्टल दुलैहड़ में 360 साइकिलें, 230 सोलर लैंप व 405 चूल्हे बांटे
जसवाल , ऊना (28 सितंबर)- हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लेबर हॉस्टल दुलैहड़ में आज पंजीकृत कामगारों को विभिन्न स्कीमों के तहत सामान वितरित किया। उन्होंने पंजीकृत कामगारों को 360 साइकिलें, 230 सोलर लैंप व 405 चूल्हे वितरित किए। यह समारोह श्रम विभाग के हिमाचल प्रदेश कामगार कल्याण बोर्ड के सौजन्य से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रो. राम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनेकों कल्याणाकारी योजनाएं चला रही है। सभी पात्र व्यक्तियों को इनका लाभ लेना चाहिए। साथ ही हमें अपना दायित्व भी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार देश को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए अभियान चला रही है, जिसमें सभी को अपने-अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्यों के साथ-साथ पशुओं को भी प्लास्टिक की वजह से बहुत सारी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में हमें अगर स्वस्थ रहना है और पर्यावरण को बचाना है, प्लास्टिक का त्याग करना होगा। हमें अपनी जिम्मेदारी को समझकर इस काम में भरपूर योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर श्रम अधिकारी प्रेम सिंह जम्बयाल ने कामगार बोर्ड के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न स्कीमों की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर देस राज राणा, कुलविंदर सिंह, नरेंद्र राणा, पवन, चमन लाल, कमल सैणी, राजीव राणा, अमन भारद्वाज, गुलविंदर गोल्डी, रजत राणा, अश्वनी शर्मा व श्रम निरीक्षक नवीन शर्मा उपस्थित रहे।






























