राजेंद्र ठाकुर उर्फ डिपंल को हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया
डॉ रणधीर जसवाल, ऊना: हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के चुनाव रविवार को ऊना के एक निजी होटल में संपन्न हुए। इस अवसर पर चुनाव अधिकारी के रूप में न्यायधीश सुरेंद्र सिंह ठाकुर, चुनाव पर्यवेक्षक कुश्ती संघ इंडिया के कोषाध्यक्ष डा. एसपी देसवाल, हरीदत्त शर्मा व युवा सेवा खेल विभाग से प्रिंस पठानिया मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी निष्पक्षता और शांति के साथ चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाया। प्रदेश भर से आए संघ के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने इस चुनाव में भाग लिया और सभी ने आपसी सहमति एवं सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया।
चुनाव में जिला ऊना से संबंध रखने वाले राजेंद्र ठाकुर उर्फ डिपंल को हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा अमर दीप सिंह रानौत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए जगदीश, गियान चंद, विवेक गौतम और अमरीश सिंधु का चयन हुआ। इसी प्रकार संघ की जिम्मेदारियों को और मजबूती देने के लिए नरदेव को महासचिव बनाया गया तथा अनूप कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संयुक्त सचिव पद पर चंदर मोहन और रमेश चंद को चुना गया। इसके अलावा मीडिया प्रभारी की जिम्मेवारी ओंकार कपिला को दी गई है। संघ के कार्यकारी सदस्यों में चरण दास, विजय ठाकुर, सुरेंद्र, पंकज शर्मा और रंदीप सिंह पठानिया को शामिल किया गया है। बैठक के दौरान यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों को बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा। नवनियुक्त अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर उर्फ डिपंल ने अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि संजय सिंह व बृजभूषण शरण सिंह के मार्गदर्शन और सहयोग से ही हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ नई ऊंचाइयों को छू सकेगा। उन्होंने कहा कि संघ की हर गतिविधि में पारदर्शिता और निष्पक्षता को सर्वोपरि रखा जाएगा तथा राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों पर चलते हुए प्रदेश के खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुश्ती सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि हमारी परंपरा और संस्कृति से जुड़ा हुआ गौरवशाली हिस्सा है। उनका संकल्प रहेगा कि आने वाले समय में प्रदेश में कुश्ती को नई पहचान दिलाई जाए और खिलाडिय़ों को वह मंच मिले जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में भी कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और नई प्रतिभाओं को खोजकर आगे लाया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि सभी सदस्य आपसी एकजुटता बनाए रखें और मिलकर कुश्ती को उस मुकाम तक पहुंचाएं, जहां से हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ सकें।



























