जसवाल , ऊना, 19 सितंबर:
महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से गुरुवार ग्राम पंचायत बहडाला स्थित अंबेदकर भवन में जिला स्तरीय पोषण अभियान के तहत जागरूकता शिविर व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यातिथि द्वारा जिला में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाभर से लगभग 500 महिलाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान व उनके जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनकी सेहत के लिए आवश्यक व पोष्टिक भोजन की जानकारी उपलब्ध करवाना है ताकि उनका स्वास्थ्य सही रहे। उन्होंने कहा कि सही पोषाहार लेकर महिलाएं व बच्चे स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पोषण सही होगा तभी देश रोशन होगा। उन्होंने बताया कि पोषण अभियान के तहत जिला ऊना को तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है जोकि बड़े गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि अभिसरण समिति और सामुदायिक लामबंदी के लिए जिला को एक करोड़ रूपये, आइसीडीएस-सीएएस में 50 लाख रूपये जबकि पोषण अभियान में समग्र उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए 75 लाख रूपये प्रदान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला ऊना को पोषण अभियान में राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कार्यान्वयन के पुरस्कार से नवाजा गया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी सतनाम सिंह ने इस अवसर पर बताया कि प्रत्येक वर्ष मार्च तथा सितंबर में पोषण पखवाड़ा मनाया जाता है जिसके तहत पोषण रैली, प्रभात फेरी, हार्ट बाजार, गृह भ्रमण, जागरूकता शिविर, पोषाहार प्रदर्शनियों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जाता है। उन्होंने बताया कि वृद्धि निगरानी के तहत 1 से 6 वर्ष तक के बच्चों का प्रतिमाह वजन तोला जाता ताकि बच्चों के शारीरिक विकास का आकलन किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत गंभीर तीव्र कुपोषण से ग्रस्त 34 बच्चों का स्वास्थ्य निरीक्षण किया गया और उन्हें बेबी किट व दवाईयां प्रदान की गई हैं।
इस अवसर पर कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष बलबीर बग्गा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी सुशील चंद्र नाग, उपनिदेशक उच्च शिक्षा पीसी राणा, तहसील कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह दयाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






























