कहा प्रदेश सरकार पशु पालकों की सुविधा के लिए अनेक योजनाएं चला रही

जसवाल,ऊना (9 मार्च)- ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि रोगी कल्याण समितियों की तर्ज पर उप-मंडल स्तर पर पशु कल्याण समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि पशु पालकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें। यह बात आज कंवर ने आज ग्राम पंचायत हटली में अति निर्धन पशु कल्याण समिति के वार्षिक कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पशु पालकों की सुविधा के लिए अनेक योजनाएं चला रही है क्योंकि पशु पालन के माध्यम से किसानों की आय दोगुनी की जा सकती है। इसलिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बजट में पशु एंबुलेंस चलाने के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है ताकि अस्पताल बीमार पशुओं तक पहुंचे और किसानों को घर-द्वार पर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि पशु एंबुलेंस की सुविधा पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पहले एक जिला से शुरू की जाएगी और फिर पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी। यह सुविधा पशु पालकों के लिए वरदान बनेगी।
किसान क्रेडिट कार्ड से पशु पालन के लिए भी लोन- वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सरकार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी कर रही है। इस कार्ड के माध्यम से कृषि गतिविधियों के साथ-साथ अब पशु पालन तथा मत्स्य पालन के लिए भी लोन प्राप्त किया सकता है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में सरकार की इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की।
अति निर्धन पशु कल्याण समिति की सराहना की- पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा अति निर्धन पशु कल्याण समिति के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा ही प्रयास सभी उपमंडलों में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंगाणा के पशु चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य स्टाफ अपने वेतन से पशु पालकों के लिए अंशदान देते हैं, ताकि अति निर्धन पशु पालकों की सुविधा के लिए हर तीन माह में निशुल्क दवाएं व फीड सप्लीमेंट प्रदान किए जा सकें, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि समिति ने 108 निर्धन पशु पालकों को गोद लेने का लक्ष्य रखा है और अब तक 80 पशु पालकों को गोद लिया जा चुका है। अति निर्धन पशु कल्याण समिति न सिर्फ दवाएं प्रदान करती हैं बल्कि पशु पालकों को तकनीकी सहायता भी प्रदान करती है। समिति ने अजोला तथा सहजन के पौधे वितरित कर पशु पालकों के लिए गुणवत्तापूर्ण चारे का प्रबंध किया है और किसानों को भी इन्हें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया है।
8 किसानों को दिए चैक- कार्यक्रम के दौरान पशु पालकों को विशेषज्ञों ने बकरी पालन, डेयरी पालन तथा मुर्गी पालन के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की और उनकी शंकाओं को दूर किया। इस अवसर पर पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने 8 किसानों को 25-25 हजार के चैक वितरित किए। साथ ही 120 से अधिक किसानों को पशुओं के लिए निशुल्क फीड सप्लीमेंट तथा पेट के कीड़े मारने की दवाएं वितरित की।
यह रहे उपस्थित- इस अवसर पर ग्राम पंचायत हटली के प्रधान रुमेल धीमान, उप-प्रधान सुशील रिंकू, कुटलैहड़ भाजपा महामंत्री प्रीतम डढवाल, मदन राणा, चरणजीत शर्मा, विजय शर्मा, राजेंद्र रिंकू, सुरेंद्र धीमान, एमआर दड़ोच, सूरम सिंह, सुरिंदर हटली, एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा, बीडीओ सोनू गोयल, एसडीओ विद्युत विभाग राहुल पुरी, एसडीओ आईपीएच हरभजन सिंह, एसडीओ पीडब्ल्यूडी शशि धीमान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
































