ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने केंद्रीय बजट की सराहना की
जसवाल, ऊना (2 फरवरी)- केंद्र सरकार के नई सदी के पहले बजट से प्रदेश व देश को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशु पालन व मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कही। रविवार को केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश को मजबूत बनाने वाला बजट प्रस्तुत किया है। यह बजट देश के भविष्य को सुनहरा बनाने में मददगार सिद्ध होगा। इस बजट में किसान व ग्राम को अहमियत दी गई है तथा किसानों के लिए 16 सूत्रीय कार्यक्रम बनाया गया है, जिसके माध्यम से किसान को लाभ होगा। हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में किसान हैं और निश्चित रूप से उन्हें लाभ होगा।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि दूध उत्पादन को दोगुना करने के लिए विशेष कार्य होंगे, कोल्ड स्टोर चेन व प्रोसेसिंग यूनिट पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा इनकम टैक्स भरने वाले मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत है क्योंकि पांच लाख की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा, सड़क, पर्यटन, स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में 20 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा के साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग तीन लाख करोड़ रुपए कृषि से जुड़ी गतिविधियों सिंचाई एवं ग्रामीण विकास पर खर्च किए जाएंगे, जो अपने आप में बहुत बड़ी राशि है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के लिए 3000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन पर 12,300 करोड़ रुपए और जल जीवन मिशन के लिए 3.6 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। निश्चित रूप से यह प्रावधान जहां मूलभूत विकास को आगे बढ़ाएंगे, वहीं देश को मजबूत बनाने में सहायक होंगे। साथ ही केंद्रीय बजट में हेल्थ सेक्टर के लिए 69 हज़ार करोड रुपए का प्रावधान किया गया है और 100 जिलों में पानी की कमी दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के टैक्स प्राप्ति का हिस्सा 33 प्रतिशत बढ़ाया गया है। पिछले साल जहां हिमाचल को 4600 करोड़ रुपए मिले, वहीं इस बार यह 6200 करोड़ रुपए प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बेहतर कार्य हो रहा है और निश्चित रूप से यह बजट हिमाचल को शिखर की ओर ले जाने का काम करेगा। यह बजट हर दृष्टि से ऐतिहासिक है।

































