डीएवी सेंटेनरी स्कूल से पासआउट हुए 23 साल के आदित्य बने एसडीओ
जसवाल, ऊना ( 17 जनवरी ) डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना में शिक्षा सत्र 2012-13 में जमा दो की परीक्षा पास करने वाले आदित्य शर्मा मात्र 23 साल की आयु में सहायक अभियंता बने हैं। आदित्य की इस उपलब्धि से जहां डीएवी सेंटेनरी स्कूल का मान बढ़ा है, वहीं यह ऊना जिले के लिए भी गौरव की बात है। आदित्य शर्मा ने शिक्षा सत्र 2010-11 में 8.8 सीजीवी हासिल कर दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। शिक्षा सत्र 2012-13 में जमा दो की परीक्षा नॉन मेडिकल विषयों में उत्तीर्ण करने के उपरांत बद्दी विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। इस दौरान आदित्य ने गेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर 12,400 रुपये प्रति माह स्कॉलरशिप लेकर पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय से एमटेक की डिग्री ली। हिमाचल प्रदेश सर्विस स्लेक्शन कमीशन द्वारा आयोजित सहायक अभियंता की परीक्षा में छठा स्थान हासिल कर एसडीओ पद के लिए अपना दावा मजबूत किया। वर्तमान में आदित्य शर्मा जिला कुल्लू में एसडीओ पद पर सेवाएं दे रहे हैं। आदित्य ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय स्कूल प्राचार्य अतुल महाजन को दिया है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य की मोटिवेशन के चलते वह इतना कर पाने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि डीएवी सेंटेनरी विद्यालय में छात्रों को रोजगारोन्मुख शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाता है और भविष्य की योजनाओं के लिए छात्रों को तैयार किया जाता है। आदित्य ने अपने माता-पिता के योगदान को भी नमन करते हुए कहा कि माता-पिता ने उन्हें घर में पढऩे का बेहतर माहौल दिया है।
स्कूल के प्राचार्य अतुल महाजन ने कहा कि स्कूल में छात्रों को प्रत्येक क्षेत्र में निपुण करने पर जोर दिया जाता है। छात्र की इच्छा के अनुरूप उन्हें विषय चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि वे जिस क्षेत्र में जाना चाहते हैं वैसे ही सब्जेक्ट्स का छात्र चयन करें।

































