दूर से साथ निभाने के लिए जिला प्रशासन ऊना ने किया शुक्रिया

जसवाल,ऊना (6 अप्रैल)- कोरोना से लड़ाई के लिए हर व्यक्ति अपने स्तर पर जिला प्रशासन ऊना का साथ निभाने का प्रयास कर रहा है। चार अप्रैल तक जिला आपदा कोष में समाज के हर वर्ग के व्यक्तियों ने 13,49,345 रुपए की धनराशि दान में दी है। स्टोन क्रशर एसोसिएशन ऊना ने दो लाख रुपए, होटल माया, युवा साईं समिति, पीर निगाह मंदिर प्रबंधन समिति तथा महादेव बिल्डर्स ने एक-एक लाख रुपए दान में दिए हैं।

इसके अलावा ईसपुर निवासी वीके पाठक ने अपनी एक महीने की पेंशन 50 हजार के रुप में दान दी। संयुक्त पटवार एवं कानूनगो संघ ने 1 लाख रुपए, नंगल कलां निवासी प्रेम सिंह तथा टक्का निवासी नंबरदार हेमराज शर्मा ने 50-50 हजार रुपए जिला प्रशासन ऊना को प्रदान किए। इसके अलावा स्वामी नारायण पुरी जी महाराज ने 1 लाख रुपए तथा जिला कांग्रेस कमेटी ने 21 हजार रुपए दान में दिए हैं। सदाशिव मंदिर ध्यूंसर महादेव ने 1 लाख रुपए व रौनकर सहकारी कृषि समिति तलमेहड़ा ने 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की है।

छोटे बच्चे भी कर रहे मदद- कोरोना के विरुद्ध जंग में छोटे बच्चे भी बढ़-चढ़कर मदद दे रहे हैं। टक्का निवासी मन्नत ने 835 रुपए, आण्विक शर्मा ने 2510 रुपए, सात्विक ने 2220 रुपए, नव्या शर्मा ने 1622 रुपए दान में दिए हैं। इनके अलावा भी बड़ी संख्या में लोग यथासंभव मदद प्रदान कर रहे हैं। उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने कहा कि लोग धन के साथ-साथ राशन सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भी दान में दे रहे हैं। जिसे जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता राशन की सप्लाई में भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कोरोना के विरुद्ध लड़ी जा रही इस लड़ाई में सभी का सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया।

































