स्कूल के कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए BHT news, ऊना: जिला मुख्यालय स्थित स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बुधवार को घोषित दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम में स्कूल के कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। विद्यार्थियों में प्रतिभा ने 94.8 प्रतिशत, वेदान्त बहल ने 94.6 प्रतिशत, पलक ने 94.4 प्रतिशत, अर्चना 94.2 प्रतिशत, सत्यम 93.2 प्रतिशत, श्रेया और आरुष ने 92 प्रतिशत, अनिका और प्रतीक ने 91 फीसदी, सूर्यप्रताप सिंह ने 90.2 प्रतिशत, अक्षिता, दीपांशी और कार्तिक ने 90 प्रतिशत, अंक हासिल किए। विद्यालय के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका सकारात्मक असर इन परिणामों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों ने अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। आने वाले समय में भी विद्यालय इसी प्रकार बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता रहेगा, ताकि छात्र-छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकें। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही, शिक्षकों के समर्पण और मेहनत की भी सराहना की गई, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
































