बंगाणा अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी से एक साल में 38 आगजनी की घटनाओं पर पाया काबू, चार गाड़ियां और 23 कर्मचारी तैनात
बीएचटी न्यूज,बंगाणा – उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में बंगाणा अग्निशमन विभाग क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तत्परता और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहा है। पिछले एक वर्ष में विभाग केकर्मचारियों ने 38 आगजनी की घटनाओं पर समय रहते काबू पाकर संभावित बड़े नुकसान को टालने में अहम भूमिका निभाई है। राहत की बात है कि इस दौरान किसी बड़ी आगजनी की घटना में जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।चार अग्निशमन गाड़ियों और 23 कर्मचारियों के साथ विभाग उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाएं प्रदान कर रहा है। वहीं, विभाग के समीप ट्यूबवेल की सुविधा उपलब्ध होने से अब गाड़ियों में पानी भरने की समस्या का भी समाधान हो गया है, जिससे आपातकालीन सेवाओं को और मजबूती मिली है।अग्निशमन विभाग के प्रभारी वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगजनी की किसी भी घटना की सूचना तुरंत विभाग को दें। याद रखें आपातकालीन नंबर 101,आपकी एक समय पर दी गई सूचना बड़ी दुर्घटना और नुकसान को रोक सकती है।



























