आईटीआई ऊना में 10 दिसंबर को होंगे कैंपस इंटरव्यू
ऊना, 2 दिसंबर: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ऊना में 10 दिसंबर को श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स लिमिटिड, पथरेड़ी (भीलवाड़ा) अलवर राजस्थान द्वारा कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए संस्थान के प्रधानाचार्य यशपाल सिंह रायजादा ने बताया कि इस साक्षात्कार में फिटर, टर्नर, मशिनिस्ट, इलैक्ट्रॉनिक मकैनिक, इंस्ट्रूमैंट मकैनिक, मकैनिक मोटर व्हीकल, ऑटोमोबाइल एंड फाउंडरी व्यवसायों में आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यार्थी व जिन्होंने जुलाई 2019 की अखिल भारतीय परीक्षा दी है, वे इस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। चयनित होने पर कंपनी द्वारा वर्दी तथा सुरक्षा जूते, कैंटीन व हैल्मेट आदि सुविधाएं दी जाएंगी तथा मासिक वेतन के रूप में प्रतिमाह 10,129/- रूपए दिए जाएंगे। इस साक्षात्कार में कंपनी द्वारा पहले लिखित परीक्षा ली जाएगी तथा लिखित परीक्षा में सफल अभ्यार्थियों को व्यक्तिगत साक्षात्कार भी इसी दिन लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यार्थियों को अपने साथ मैट्रिक, दस जमा दो व आईटीआई की मार्कशीट, प्रमाण पत्रों की दो-दो सत्यापित प्रतियां व दो पासपोर्ट साईज फोटो तथा आधारकार्ड साथ लेकर आना होगा।
































