घोड़ा गाड़ी पर बैठकर दिखावे की राजनीति कर रही कांग्रेस – भाजपा
जसवाल, ऊना ( 30 जून ) भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महासचिव सतवंत सिंह ढिल्लों एवं मनमोहन सिंह गोल्डी ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों को लेकर घोड़ा गाड़ी पर बैठकर दिखावे की राजनीति करने वाली कांग्रेस बताए कि जब पूर्व मनमोहन सिंह सरकार के समय में पेट्रोल के दाम 83 रुपये प्रति लीटर और घरेलू गैस का सिलेंडर 1 हज़ार रुपये से पार पहुंच चुका था। तब कांग्रेस के यह विरोध प्रदर्शन कहां थे। उन्होंने कहा कि आज देश कोरोनावायरस जैसी परिस्थिति से गुजर रहा है। ऐसे में जहां कांग्रेस को सरकार और प्रशासन का साथ देना चाहिए, वहीं कांग्रेस के लोग इस तरह के हथकंडे अपनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं और अपना भी असली चेहरा सबके सामने ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले कांग्रेसी यह अफवाह उड़ाना बंद कर दें कि डीजल के दाम पेट्रोल से ज़्यादा हो चुके है। डीजल पेट्रोल के दाम से करीब 10 रुपये नीचे है, कांग्रेसी झूठा प्रचार करके खुद को हंसी का पात्र न बनाएं। युवा नेताओं ने कहा कि देशद्रोह के मामले में नामजद किए गए पूर्व सीपीएस नीरज भारती का समर्थन करके चरित्र और चेहरा जग चुकी है। उन्होंने कहा कि खुद को राजनीति के क्षेत्र में जिंदा रखने के लिए कांग्रेसी कभी सेना पर सवाल उठा रहे हैं, तो कभी ओछी राजनीति पर उतारू हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है, जबकि कांग्रेस ऐसी करतूत करके अपने लिए गड्ढा खोदने में जुटी है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत दी है कि कोरोना और बाहरी शत्रु जैसी परिस्थितियों से जूझ रहे भारत को एकजुटता से संबल प्रदान करें। ऐसे मामलों में राजनीति करके कांग्रेस का कभी भला नहीं होगा





























