ऊना विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी – सतपाल सत्ती
जो कांग्रेस नेता भाजपा सरकार के समय पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों में जाकर हंगामा मचाते थे, आज वह नेता अपराधों पर मौन साधे बैठे हैं
BHT news, ऊना ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ अनेक भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सत्ती ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। पुलिस न तो अपराधियों पर नकेल कस पा रही है और न ही माफिया गतिविधियों पर रोक लगा पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन माफिया पूरी तरह सक्रिय है और अब अवैध हथियारों का कारोबार भी तेजी से फैल रहा है। सत्ती ने कहा कि बीते दिनों क्षेत्र में लगातार गोलीकांड की घटनाएं सामने आ रही हैं, शादी समारोहों में भी हथियार लहराए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा शासनकाल में ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई होती थी, वहीं अब कांग्रेस सरकार में अपराधियों को खुली छूट मिल चुकी है।विधायक ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग भाजपा सरकार के समय पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों में जाकर हंगामा मचाते थे, आज वही नेता अपराधों पर मौन साधे बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने शीघ्र ही स्थिति नहीं संभाली, तो भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर भाजपा के जिला प्रवक्ता विनय शर्मा, ऊना मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, बसदेहड़ा मंडल अध्यक्ष राहुल शर्मा, जिला महामंत्री पीएल भारद्वाज, मंडल महामंत्री नरेंद्र ठाकुर, दिनेश कुमार जिला मीडिया प्रभारी, हरपाल गोगी,वरुण मेहन, रजत सिंह, रजत राना, विक्की सैनी, रजत राना, नवदीप सैनी, विनय आगरा, खामोश, जसविंदर सिंह, रुपिंदर सिंह, पुरुषोत्तम भाटिया, अनीश ठाकुर, विकासपुरी, विनोद पूरी, अशोक धीमान, राजेश दत्त, नवदीप कश्यप,विजय सहिनी, पुष्पा देवी, उर्मिला चौधरी, धीरज चौधरी, अरविंद शर्मा, एससी मोर्चा महामंत्री भूपेंद्र कुमार, पुरुषोत्तम भाटिया, नव सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




























