हरोली विस के ललड़ी में किसानों के लिए आयोजित किया गया प्रशिक्षण शिविर
जसवाल, ऊना (14 फरवरी)- हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने कहा है कि सरकार किसानों के हित के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह बात उन्होंने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र के ललड़ी में आयोजित किसान प्रशिक्षण शिविर में कही। प्रो. राम कुमार ने कहा कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए प्रदान किए जा रहे हैं और इस योजना के अंतर्गत जिला ऊना के 78 हजार किसान लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड भी जारी किए जा रहे हैं। इस कार्ड के माध्यम से कृषि के साथ-साथ पशु पालन तथा मत्स्य पालन हेतु लोन लिया जा सकता है। प्रो. राम कुमार ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में सरकार की इन सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र के लगभग 300 किसानों ने लाभ लिया। इस दौरान उन्हें कृषि विभाग की विभिन्न स्कीमों की जानकारी प्रदान की गई और आधुनिक खेती के बारे में विस्तार से बताया गया। कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. सुरेश कपूर ने किसानों को पीला रतुआ बीमारी से सचेत किया और कहा कि बीतों दिनों हुई बारिश, तापमान में वृद्धि और हवा में नमी के कारण जिला ऊना के कुछ इलाकों में गेहूं की फसल में पीला रतुआ का संक्रमण हो रहा है। इसके चलते किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है और यदि कहीं भी गेहूं की फसल में पीला रतुआ से संक्रमित होने के लक्षण पाए जाते हैं तो जल्द से जल्द कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें।
































