जिला ऊना में दो और कोरोना पॉजीटिव
जसवाल, ऊना (11 अप्रैल)- जिलाधीश ऊना संदीप कुमार ने कहा है कि आज जिला ऊना के 18 सैंपल की रिपोर्ट आई हैं, जिनमें से दो पॉजीटिव और 12 निगेटिव आए हैं। इसके अलावा चार सैंपल फेल हो गए, जिनकी रिपोर्ट के लिए पुन: सैंपल लिए जाएंगे। इस तरह अब कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या 14 हो गई है। डीसी ने बताया कि पॉजीटिव आया एक व्यक्ति पहले से ही जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूवेला तथा दूसरा खड्ड सेंटर में क्वारंटीन थे। डीसी संदीप कुमार ने बताया कि जिला ऊना में कर्फ्यू जारी है और चिन्हित हॉटस्पॉट को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में सुबह 7 से 10 बजे तक ढील दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस ढील के दौरान दुकानदार व ग्राहक सामाजिक दूरी के नियम का ध्यान रखें। वहीं दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध जारी है।
किसानों को खेत में काम करने की छूट-जिलाधीश संदीप कुमार ने बताया कि जिला में गेंहू की फसल की कटाई करने वाले किसानों को कोई दिक्कत नहीं आएगी। प्रशासन ने किसानों के लिए कर्फ्यू के दौरान पूरी तरह से छूट दे रखी है। उन्होंने कहा कि कृषि अधिकारियों को हर स्तर पर पास देने के लिए अधिकृत किया गया है। किसी भी किसान को कोई दिक्कत नहीं आएगी। जिलाधीश ने कहा कि मजदूरों को भी कटाई के काम में लगाया जा सकता है। इसके लिए किसान को मजदूरों की सूची अनुमति प्राप्त करनी होगी लेकिन काम करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना अनिवार्य है।
जिलाधीश ऊना ने कहा कि किताबों व बच्चों को खेल की आइट्मस के लिए कर्फ्यू की ढील के दौरान दुकानें खुलें, इसका मामला प्रदेश सरकार के समक्ष रखा गया है। जैसे ही अनुमति आएगी, जिला में निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।






























