बैंक मैनेजर व पुलिस ने उपभोक्ता की शिकायत लेने से किया मना, उपभोक्ता परेशान
करनाल, आशुतोष गौतम (30 नवंबर) यूको बैंक तरावड़ी के एक उपभोक्ता के खाते से 50 हजार रुपए निकलने का मामला सामने आया है। जानकारी देते हुए अनिल कुमार ने बताया कि उसका यूको बैंक में खाता है। उसने बताया कि 28 नवम्बर की रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर उसके मोबाईल पर एस.एम.एस. आया कि उसके खाते से 50 हजार रुपए निकले हैं। उसने बताया कि उसका ए.टी.एम. उसकी जेब में हैं, लेकिन इसके बावजूद भी उसके अकाऊंट से 50 हजार रुपए गायब हो गए, जिससे वह बेहद परेशान हैं। बैंक उपभोक्ता अनिल कुमार ने बताया कि उसके खाते में करीब 80 हजार रुपए थे, अचानक उसके खाते से 50 हजार रुपए निकल गए। जब इसकी शिकायत लेकर वह यूको बैंक के मैनेजर के पास पहुंचा तो उन्होंने शिकायत लेने से मना कर दिया। इसके बाद वह इस मामले की शिकायत लेकर तरावड़ी थाने में पहुंचा, लेकिन वहां पर भी शिकायत लेने से मना कर दिया गया। अनिल कुमार ने बैंक प्रबंधन के साथ-साथ जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले की जांच की जाए।































