डिलीवरी के बाद हुई महिला की मौत को लेकर विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने भाजपा सरकार को जिम्मेवार ठहराया
ऊना का क्षेत्रीय अस्पताल पीजीआई रेफर के नाम से मशहूर, जो डॉक्टर अस्पताल में तैनात हैं उनमें से तीन-चार अपने क्लीनिक खोल कर धंधा चमका रहे
जसवाल, ऊना ( 19 जनवरी ) क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में डिलीवरी के बाद हुई महिला की मौत को लेकर ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने भाजपा सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। विधायक रायजादा ने कहा कि विपिन परमार को स्वास्थ्य मंत्री बने दो वर्ष हो गए है, लेकिन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की व्यवस्था को सही करने में पूरी तरह से विफल रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
विधायक राजयादा ने कहा कि भाजपा के 44 विधायक जीत कर आए हैं, ऐसे में किसी ओर को स्वास्थ्य मंत्री बनने का मौका देना चाहिए, ताकि अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारा जा सके। रायजादा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी गुजारिश है कि ऐसे विफल व गैर जिम्मेवार स्वास्थ्य मंत्री को वर्खास्त करें और क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के हालत का सुधार करें। रायजादा ने कहा कि शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष क्षेत्रीय अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर अवगत करवाया था। उन्हें यह बताया था कि क्षेत्रीय अस्पताल में तैनात करीब तीन चिकित्सक अपने घर व क्लीनिक पर काम करते हैं। दिन को क्लीनिक पर काम करते हैं और रात को डयूटी अस्पताल में देते हैं। क्लीनिक काम करते हुए अगर अस्पताल से एमरजेंसी कॉल आ जाए, तो अस्पताल नहीं आते हैं। लेकिन सरकार ने इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा मेरी बात का विश्वास न करते हुए लिखित शिकायत देने की बात कही। विधायक ने कहा कि हालत यह है कि ऊना का क्षेत्रीय अस्पताल पीजीआई रेफर के नाम से मशहूर हो गया है। ताजा मामला पिछले कल का है, जहां डिलवरी के बाद महिला की लापरवाही से मौत हो गई। इसके लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेवार है। कारण क्षेत्रीय अस्पताल में स्टॉफ की कमी है। स्टॉफ के साथ-साथ जो डॉक्टर अस्पताल में तैनात हैं, उनमें से तीन से चार चिकित्सक अपने क्लीनिक खोल कर बैठे हुए हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय अस्पताल में उपकरणों की भी कमी है। रायजादा ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द क्षेत्रीय अस्पताल ऊना का सुधार न किया गया, तो आने वाले दिनों में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के बाहर धरना दिया जाएगा।
विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि राजनीति करना हमारा उद्देश्य नहीं है, लेकिन विपक्ष में रहते हैं सरकार की नाकामियों को उजागर करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकारे सुधार के लिए बदलती है, लेकिन भाजपा सरकार में सुधार तो क्या होना, क्षेत्रीय अस्पताल की दुर्दशा हो रही है।































