करनाल, 17 सितंबर ( आशुतोष गौतम) पूर्व युवा सांसद एवं जननायक जनता पार्टी के प्रमुख नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कर्मचारी अपनी वोटों की ताकत को समझें और मुख्यमंत्री के खिलाफ विधानसभा चुनाव में अपना एक उम्मीदवार खड़ा कर दें। दुष्यंत ने कहा कि वह इस उम्मीदवार का पूरा समर्थन करेंगे। सेक्टर 12 में अतिथि अध्यापकों के धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे दुष्यंत चौटाला ने कहा कि धरने पर बैठने से कुछ नहीं होगा। अन्य विभागों के आंदोलनरत कर्मचारियों को एक मंच पर लेकर आएं और सरकार के खिलाफ विधानसभा चुनाव में बिगुल बजा दें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 14 हजार अतिथि अध्यापकों के साथ धोखा किया। चुनावी वादों को पूरा नहीं किया गया। गेस्ट टीचर 14 सालों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं मगर सरकार ने उनकी अनेदखी की और जॉब सिक्योरिटी नहीं दी। पूर्व सांसद ने कहा कि उन्होंने कम से कम 12 बार संसद में गेस्ट टीचर्स के मुद्दे को उठाया था। अब भी वह मांग करते हैं संसद में नया अधिनियम बनाकर गेस्ट टीचर को उनके अधिकार दिए जाएं। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुष्यंत चौटाला बोले कि हुड्डा सरकार ने जनता के जीवन में जो कांटे बोए थे खट्टर सरकार ने उन कांटों को निकालने की बजाए इन्हें खाद्य पानी देने का काम किया है। चुनाव संबंधी एक सवाल के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आचार संहिता लागू होते ही जजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर देगी। उन्होंने एनआरसी लागू करने को लेकर कहा कि यह अच्छा प्रयास होगा मगर चुनाव से ठीक पहले ऐसी बात कर भाजपा चुनावी स्टंट अपना रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को यमुना पार पहुंचा देंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेंद्र सांगवान, मोहिसीन चौधरी, नफे सिंह मान, जिला प्रवक्ता यशकरण राणा, धर्मवीर पाढा, इंद्रजीत गोराया, जगरूप संधु, गुरदेव रंबा, भीम मढाण, विनोद रायपुर, नफे सिंह वाल्मीकि, सतीश मंजूरा, जल सिंह बजीदा व राहुल तोमर आदि मौजूद रहे।
































