राष्ट्रीय आयुर्वेदिक दिवस कार्यक्रम की डीसी ने की अध्यक्षता
ऊना 25 अक्तूबर:- राष्ट्रीय आयुर्वेदिक एवं धनवंतरि दिवस के अवसर पर आयुर्वेद अस्पताल ऊना में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने की। इस मौके पर मंहत सूर्यानंद मुख्य अतिथि के रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीसी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से लोगों को विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचने की जानकारी हासिल होती है।
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार ने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में योग की सुविधा शुरू की गई है और योग की सहायता से विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त लोग काफी हद तक रोगों से छुटकारा पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकतर बीमारियां मनुष्य को तभी घेरती हैं जब हम अपने स्वास्थ्य के प्रति गंभीर नहीं रहते। उपायुक्त ने लोगों से सही खान-पान, साफ सफाई तथा बेहतर जीवनशैली को अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि बीमार होने पर सही समय पर डाक्टर से परामर्श लें ताकी बीमारी का सही समय पर उपचार किया जा सके। उपायुक्त संदीप कुमार ने सभी आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों से आहवान किया कि वे पूरी ईमानदारी से मरीजों का उपचार करें।
जिला आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र नाग तथा महंत सूर्यानंद ने आयुर्वेदिक पद्धति, योग पद्धति व मनुष्य के दिनचर्या व विभिन्न बीमारियों से बचने के उपायों के बारे में उपस्थित लोगों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस मौके पर आरोग्य भारती द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए स्वच्छता अभियान के तहत लोगों को कपड़े के बैग भी वितरित किए।इस अवसर पर डॉ. सुभाष चांदला, डॉ. हरजिंदर सिंह, डॉ. इंदू शर्मा, डॉ. संजीव धमीान, डॉ. राज कुमार, डॉ. विजय कुमार, डॉ. जीएस देहल, डॉ. मोनिका, डॉ. हेम राज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

































